पटना

अरवल: दूसरे चरण में मतदाताओं ने बदल दी गांव की सरकार, अधिकांश पंचायतों में बदल गए मुखिया


कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अरवल में मतगणना सम्पन्न

अरवल। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सदर प्रखंड के मतदाताओं ने जमकर मतदान की और परिपक्वता के साथ मुखिया सरकार बदल दिया और नए उम्मीदवारों पर भरोसा जताया। गौरतलब हो कि पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सदर प्रखंड के 12 पंचायतों के 6 पदों और दो जिला परिषद के लिए चुनाव कराया गया थे, जिसका परिणाम घोषित कर दिया गया है। अधिकांश पंचायतों में मतदाताओं ने नए उम्मीदवारों को सर आंखों पर बैठाया है तो वही वर्तमान मुखिया को सिरे से नकार दिया।

वहीं जिला परिषद में भी मतदाताओं ने अपना दमखम दिखाते हुए अपने चहेते जिला परिषद सदस्य को कुर्सी पर बैठाया। अरवल जिला परिषद भाग एक अशरफ़ुल होदा उर्फ शाह शाद ने अपने प्रतिद्वंदी रविंदर यादव को 1140 वोटों से करारी शिकस्त दी। वही भाग दो से सरस्वती देवी उर्फ ऋषि कला ने 59 वोट से जीत दर्ज कर जिला परिषद पद पर निर्वाचित हुई। मतगणना केंद्र के बाहर मुखिया प्रत्याशियों की जीत हार को लेकर काफ़ी गहमागहमी देखी गई। सोनबरसा पंचायत से गीता देवी ने 33 वोट से पुष्पा देवी को हराकर मुखिया पद अपने नाम कर लिया। वही इस पंचायत के वर्तमान मुखिया नीलम देवी को जनता ने नकार दिया और वर्तमान मुखिया तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं भादासी पंचायत की जनता ने वर्तमान मुखिया को धूल चटाते हुए नए उम्मीदवार पर भरोसा जताया और शेख परवेज ऊर् पप्पू को अपना मुखिया चुन लिया। उन्होंने वर्तमान मुखिया को 670 वोटों से करारी शिकस्त दी। सकरी पंचायत की जनता ने वर्तमान मुखिया ऊधो सिंह पर भरोसा जताते हुए फि़र से उन्हें अपना मुखिया चुन लिया। ऊधो सिंह ने 500 से अधिक वोट से विजई दर्ज की। फ़खरपुर पंचायत की जनता ने भी अपने वर्तमान मुखिया को सिरे से खारिज कर दिया और नए उम्मीदवार विवेकानंद उर्फ पप्पू सिपाही को अपना मुखिया चुना।

वासिलपुर पंचायत से नीरज कुमार 49 वोट से मोहन सिंह को हराकर मुखिया पद अपने नाम कर लिया। प्यारे चक पंचायत से रानी कुमारी ने वर्तमान मुखिया और पैक्स अधयक्ष की पत्नी को भी करारी शिकस्त दिया। सरौती पंचायत के मुखिया गीता देवी और अमरा पंचायत के मुखिया राजेश कुमार ने सीट बचाने में कामयाब रहे। वही रामपुर पंचायत की वर्तमान मुखिया विमला देवी को गीता देवी ने करारी शिकस्त दी और मुखिया पद अपने नाम कर लिया।

अबगिला पंचायत की जनता ने वर्तमान मुखिया को नकार दिया। इस पंचायत से वर्तमान मुखिया कुसुम देवी को राजानती कुमारी ने कांटो की टक्कर में करारी शिकस्त दी और मुखिया पद पर निर्वाचित हुई। खभइनी पंचायत से विकास कुमार ने मुखिया पद पर जीत दर्ज की। वहीं परासी पंचायत से मुसर सुल्ताना ताज ने वर्तमान मुखिया विजय कुमार को धूल चटाते हुए मुखिया पद पर अपना कब्जा जमाया। इस तरह अधिकांश पंचायतों में मुखिया सरकार बदल गई और नए उम्मीदवारों को जनता ने मौका दिया।