पटना

बिहार के 23 जिले लू की चपेट में, येलो अलर्ट जारी


पटना (आससे)। ब्लूचिस्तान से राजस्थान होकर आ रही गर्म पछुआ हवा ने अपना दायरा बढ़ाकर राज्य के अधिकतर हिस्से को लू की चपेट में ले लिया है। अब तक दक्षिण बिहार के जिले ही प्रभावित थे, लेकिन अब उत्तर बिहार के एक-दो जिले भी लू की चपेट में आ गए हैं। मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने सूबे के 23 जिलों में अगले 48 घंटों के लिये येलो अलर्ट जारी किया है।

पटना सहित सात जिलों में सामान्य से पारा काफी ऊपर रहने से हीट वेव की स्थिति बन गई है। शनिवार को भी यह स्थिति बनी रह सकती है। जिन जिलों में हीट वेव की स्थिति है, उनमें पटना, शेखपुरा, जमुई, बक्सर, खगडिय़ा, बांका और नवादा है। बक्सर लगातार दूसरे दिन राज्य भर में सबसे गर्म रहा, जबकि अन्य 17 जिलों में परिस्थितियां कमोबेश हीट वेव जैसी ही हैं और अधिकतम तापमान 40 के पार चला गया है।

पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, भोजपुर, जहानाबाद, अरवल, पटना, नवादा नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, खगडिय़ा, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, बांका और भागलपुर में शनिवार को लू का अलर्ट है। रविवार के दोपहर बाद से आंशिक राहत मिलने के आसार हैं। पटना सहित ज्यादातर जिलों में सुबह आठ बजे से ही लोग गर्मी से बेहाल रह रहे हैं और देर शाम तक लू की स्थिति बनी हुई है।

पछुआ की तेजी और सूरज की तपिश शुक्रवार को दक्षिण बिहार के साथ-साथ उत्तर पश्चिमी बिहार के जिले भी लू की चपेट में आ गये और पारे में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि सूबे में 72 घंटों तक लू की स्थिति रहेगी। बारिश नहीं होने की स्थिति में कई जगहों पर पारा 44 डिग्री तक जा सकता है। जिन जिलों के लिये अलर्ट है वहां विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लोगों को ज्यादा पानी पीने की सलाह दी गई है ताकि शरीर में पानी की मात्रा बनी रहे।

पटना में शुक्रवार को दशमलव आठ अंकों की बढ़ोतरी के साथ पारा 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गया में कमोबेश गुरुवार जैसा ही तापमान रहा और तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। बक्सर में तापमान में आंशिक गिरावट के साथ पारा 45.3 डिग्री रहा। यहां लगातार दूसरे दिन पारा 45 के पार रहा। बांका में 43.6 डिग्री, शेखपुरा में 43 डिग्री, जमुई में 42.6 डिग्री, खगडिय़ा में 42.1 डिग्री, नवादा में 42.6 डिग्री , औरंगाबाद में 42.4 डिग्री , भागलपुर में 41.2 डिग्री, सीवान में 41 डिग्री  दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा जबकि पूर्णिया में 39.8 डिग्री दर्ज किया गया।

पुरवा हवा के प्रभाव और तापमान में आंशिक बढ़ोतरी से उत्तर बिहार में  गरज तडक़ और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस ओर 18 से 20 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया व एक अन्य जिला शामिल है।