Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

‘हम किसानों के साथ हैं, लेकिन ये तरीका गलत…’; कंगना रनौत बदसलूकी मामले पर बोले विक्रमादित्‍य सिंह –


मंडी। हिमाचल प्रदेश की मंडी सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut Slap Row) के साथ चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हुई घटना के बाद राजनीतिक नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता विक्रमादित्‍य सिंह ने भी इस घटना पर खेद जताया है।

शारीरिक हमला सही नहीं: विक्रमादित्‍य सिंह

विक्रमादित्‍य सिंह ने कंगना रनौत के थप्पड़ विवाद पर कहा कि यह एक दुर्भाग्‍यपूर्ण घटना है। ऐसी घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए, खासकर किसी महिला के साथ।

विक्रमादित्‍य ने कहा कि हमारी सहानुभूति भी किसानों के साथ है, हम उनके साथ खड़े हैं। लेकिन इस तरह का कदम उठाना निंदाजनक है। उन्‍होंने कहा कि ये तरीका सरासर गलत है। किसी पर शारीरिक हमला करना, वह भी एयरपोर्ट पर ठीक नहीं है। इससे पहले भी विक्रमादित्‍य सिंह ने अपने बयान में इस घटना को गलत ठहराया था।

पंजाब के नेताओं ने भी दी अपनी प्रतिक्रिया

वहीं पंजाब के राजनेताओं की भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। थप्पड़कांड के बाद मंडी सांसद ने एक्‍स पर वीडियो शेयर करते हुए पंजाब को लेकर भी बयान दिया था। इस पर अब बवाल शुरू हो गया है। पंजाब के नेताओं ने कंगना को आड़े हाथों लिया है। वहीं अकाली दल नेता हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि इस तरह के बयान देने ठीक नहीं है। ये पंजाब के खिलाफ गलत तरीके की धारणा को दर्शाता है। साथ ही उन्‍होंने केंद्र सरकार से इस पर कार्रवाई करने की भी मांग की।