Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव के बाद भाजपा पर बोला हमला,


  • समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा को ‘गुंडागर्दी वाली सबसे बड़ी पार्टी’ बताया और कहा कि पंचायत चुनाव में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने के बाद लड्डू खा रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी नहीं हो सकते।

अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम प्रधान समाजवादी पार्टी के ही चुने गए थे, लेकिन भाजपा ने जिस तरह से जनादेश का अपमान करते हुए प्रशासन की मदद से गुंडागर्दी करके जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव जीते उसकी लोकतंत्र में कहीं और मिसाल नहीं मिलती।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा से बड़ी गुंडागर्दी वाली पार्टी कोई और हो नहीं सकती। प्रशासन का साथ लेकर गुंडागर्दी करके भाजपा ने एक नई परिभाषा तय की है। इटावा के एसपी (सिटी) मोबाइल पर बात करते हुए खुद कह रहे हैं कि भाजपा के जिला अध्यक्ष, विधायक और कार्यकर्ता बम और पथराव करके कानून व्यवस्था खराब कर रहे हैं।’

सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज करते हुए कहा, ‘लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा कर लड्डू खाए जा रहे हैं। खुशी मनाई जा रही है। यह योगी नहीं हो सकते। मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं, यह योगी नहीं हैं। अगर कोई योगी होता तो जनता को दुख नहीं देता।’ गोरखपुर में पंचायत चुनाव में प्रशासन पर भाजपा प्रत्याशियों की मदद करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा ‘मुख्यमंत्री जी गुंडागर्दी का प्रयोग पहले अपने यहां करते हैं और फिर उसे उत्तर प्रदेश में हर जगह लागू कर देते हैं।’