पटना

अनुसूचित जनजाति की युवतियों के लिए बिहार में बनेगा पुलिस बटालियन


अपनी तरह का देश में होगा पहला, वाल्मीकिनगर में बनेगा मुख्यालय

(निज प्रतिनिधि)

पटना। बिहार पुलिस में बड़ी संख्या में महिलाओं की भर्ती की जा रही है। अलग महिला सशस्त्र बल बटालियन भी तैयार कर लिया गया है। अब इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बिहार में थारू जनजाति अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए पहली बार बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल का बटालियन तैयार किया गया है। इस महिला बटालियन का नाम स्वाभिनमान बटालियन रखा गया है। इस बटालियन का मुख्यालय वाल्मिकीनगर में बनाया जाएगा।

एडीजी मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार की मानें तो देश में बिहार पहला ऐसा राज्य होगा जो अनुसूचित या यूं कहें कि थारू जनजाति के लिए अलग बटालियन का गठन किया है।उन्होंने बताया कि स्वाभिमान बटालियन के मुख्यालय के लिए आधारभूत संरचना और फर्नीचर आदि पर करीब 72.82 लाख रुपए खर्च होंगे। राज्य सरकार ने इसके लिए राशि की मंजूरी दे दी है। इस बटालियन का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। जल्दी इसका निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

स्वाभिमान बटालियन के मुख्यालय में महिला सिपाही के रहने से लेकर मनोरंजन तक सभी तरह की व्यवस्थाएं रहेंगी। यह बटालियन बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अंतर्गत काम करेगा। पुलिस डिपार्टमेंट में महिलाओं की बढ़ रही संख्या को देखते हुए उनके लिए 300-300 की क्षमता के दो बैरक होंगे।

महिला सिपाहियों के लिए आवास, अतिथि गृह, इंडोर क्लासेज रूम, मनोरंजन के लिए हॉल और पुलिस अफसरों के लिए क्लब का निर्माण वाल्मिकीनगर में किया जाएगा। यही नहीं, मुख्यालय परिसर में 20 बेडों की क्षमता का अस्पताल भी होगा। महिला सिपाहियों के बच्चों की पढ़ाई के लिए प्राथमिकी स्कूल के भवन का निर्माण भी वहां पर किया जाएगा।