पटना

अरवल: बगीचा से उठी आग शेरपुर गांव तक पहुंची, लाखों के नुकसान


वंशी (अरवल)। सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड क्षेत्र के शेरपुर ग्राम में कई किसानों के खेत खलिहान में आग लगने से लाखों रुपए की गेंहू समेत अन्य समाग्री जल कर नष्ट हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है। किसानों के खेत से धूंआ एवं आग की लपटें दिखाई दिया। तत्पश्चात अग्निशमन को फोन किया गया। दोपहर के समय आग इतनी तीव्र थी कि शेरपुर गांव से किसान के खेत खलिहान में पहुंचते-पहुंचते शालिग्राम सिंह के 5000 नेवारी, राजीव तिवारी का तीन बीघा खेत के गेहूं का भूसा, विमल मिश्रा का एक बीघा का पुआल, लखन पासवान के एक बीघा खेत के गेहूं का बोझा, गुड्डू पासवान के एक बीघा का गेहूं का भूसा, आमोद कुमार तिवारी के गेंहू के भूसा समेत हजारों रुपए मूल्य के खलिहान में रखा अन्य समाग्री जलकर खाक हो गया।

ग्रामीणों एवं दमकल विभाग की तीन छोटी गाड़ी घटना स्थल पर पहुँचकर आग को फैलने से रोका। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। इस बाबत किसान सुमन पाठक ने बताया कि सरवाली गांव के कुछ किसानों के द्वारा गेंहू के खेत में खरपतवार में आग लगाया गया था। पछुआ हवा तेज बहने के कारण आग शेरपुर गांव तक फैल गया, जिससे शेरपुर के कई किसानों को लाखों रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। अगलगी की घटना पर किसान सह भाजपा मंडल अध्यक्ष आमोद कुमार तिवारी, अमरजीत कुमार, धर्मेंद्र पंडित, हैदर अली, तिलक पासवान, अमरेंद्र मिश्रा, पूर्व मुखिया अनिल दुबे समेत अन्य किसानों ने जिला प्रशासन से किसानों की हुई क्षति का मुआवजा को मांग किया है।