News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

असम-मिजोरम: सीएम हिमंत बिस्व सरमा- यह राजनीतिक विवाद नहीं, सुप्रीम कोर्ट जाएंगे


  • केंद्रीय गृह मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद भी असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों के बीच चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। दोनों मुख्यमंत्री एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि असम सरकार कल सोमवार (26 जुलाई) को मिजोरम के साथ सीमा पर संघर्ष में मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान करेगी। घायलों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, सरकार ने घायल एसपी को इलाज के लिए मुंबई भेजा है।

असम मिजोरम सीमा पर हुए हिंसक झड़प को लेकर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, ‘यह एक रिजर्व फोरेस्ट एरिया है। सेटेलाइट इमेजिंग की मदद से आप देख सकते हैं कि कैसे कब्जा किया गया है। असम सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने छह बार मिजोरम के मुख्यमंत्री को कॉल की जब गोलीबारी हो रही थी (असम-मिजोरम सीमा पर), मैंने मुख्यमंत्री को छह बार फोन किया। उन्होंने ‘सॉरी’ कहा और मुझे आइजोल में बातचीत के लिए आमंत्रित किया। हमारी जमीन का एक इंच भी कोई नहीं ले सकता। हम अपने क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, ‘यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह दो राज्यों के बीच सीमा विवाद है। यह लंबे समय से चला आ रहा सीमा विवाद है। उस समय भी विवाद था जब दोनों तरफ कांग्रेस की सरकारें थीं। यह दो राज्यों के बीच का विवाद है, दो राजनीतिक दलों के बीच नहीं।’

उन्होंने आगे कहा, “घटना असम की सीमा पर हुई। हमारी पुलिस मामले की जांच करेगी। इस बात की भी जांच की जाएगी कि लोगों को हथियार कहां से मिले। पांच पुलिसकर्मियों की जान चली गई है।’