Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

आजम खां से मिलने सीतापुर जेल नहीं जाएंगे अखिलेश यादव, बोले- जेल से छूट जाएंगे तभी होगी मुलाकात


लखनऊ, । समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से सीतापुर जेल में मुलाकात करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है, इसके बाद भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे जेल में मुलाकात करने नहीं जाएंगे। रामपुर से विधायक समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खां करीब 27 महीने से सीतापुर की जेल में बंद हैं। उनको काफी केस में जमानत मिली गई है, जबकि शत्रु संपत्ति पर कब्जे के मामले में गुरुवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट में जमानत पर सुनवाई होनी है।

 

सीतापुर जेल में बंद आजम खां के केस को लेकर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पुख्ता पैरवी करने को लेकर तमाम बड़े मुसलमान नेता अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। बड़ी संख्या में आजम खां के समर्थक भी अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं, लेकिन पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव सीतापुर जेल जाकर आजम खां का हालचाल लेने से कतरा रहे हैं। रमजान में इस बार रोज इफ्तार पार्टी का आयोजन ना करने वाले सपा मुखिया ने आजम खां को लेकर कहा है कि जब आजम खां जेल से छूट कर बाहर आ जाएंगे तभी मुलाकात होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां को भाजपा की सरकार ने साजिशन फंसाया है। उनको जेल भी भेजा गया है। भाजपा के बहुत से नेता के साथ कार्यकर्ता उनके पीछे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी तो लगातार आजम खां के साथ है। हमारे सभी नेता तथा कार्यकर्ता लगातार उनके मामलों की पैरवी भी कर रहे हैं।