News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

आठ घंटे की पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया गिरफ्तार, दिल्ली सरकार में नंबर-2 मंत्री


  1. नई दिल्ली, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। सिसोदिया सुबह करीब 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे थे, जहां करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
  • 10:23 PM, 26 Feb 2023

    दिल्ली सरकार में सबसे प्रभावशाली मंत्री हैं सिसोदिया

    दिल्ली सरकार (Delhi Government) में मनीष सिसोदिया सबसे प्रभावशाली मंत्री हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और उप मुख्यमंत्री (Deputy CM) मनीष सिसोदिया के पास 18 मंत्रालय हैं। सत्येंद्र जैन की गिरफ्तार के बाद उनके मंत्रालय भी सिसोदिया के पास ही हैं।

    सिसोदिया पर दिल्ली आबकारी नीति (Delhi Excise Policy) घोटाला मामले में कथित तौर पर जुड़ने का आरोप लगा है। दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद हैं। आबकारी नीति के मामले में उनसे अब ED (प्रवर्तन निदेशालय) भी पूछताछ कर रही है।

  • 10:11 PM, 26 Feb 2023

    भाजपा ने साधा निशाना

    प्रेस कान्फ्रेंस कर भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि हमने सवाल पूछा था कि आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को ठेका नहीं दे सकते थे लेकिन क्या कारण था कि बतौर शराब मंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली को शराब में डुबोने के लिए ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को भी ठेका दिया?

    उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए कि एक शिक्षा मंत्री को आबकारी नीति के लिए गिरफ्तार किया गया है, यह एक आंख खोलने वाला विषय है। मनीष जी आपने हमारे बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया।

  • 10:01 PM, 26 Feb 2023

    संजय सिंह बोले- AAP के कई नेताओं को किया गिरफ्तार, पुलिस बोली- हिरासत में लिए

    AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने मुझे, मंत्री गोपाल राय के साथ MLA ऋतुराज झा, दिनेश मोहनिया, रोहित मेहराबिया, आदिल खान के साथ कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ फतेहपुर बेरी थाने में गिरफ्तार कर लिया है।

    दिल्ली पुलिस का बयान

    दिल्ली पुलिस ने कहा कि आम आदमी पार्टी विधायक संजय सिंह और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को फतेहपुर बेरी थाने में हिरासत में लिया गया है, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।

  • 09:52 PM, 26 Feb 2023

    AAP डरने वाली पार्टी नहीं

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी बोलेगा ये उसके साथ यही करेंगे। दिल्ली की तरक्की कराने वालों को ये जेल में भेजेंगे। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है, यह डरनेवाली नहीं है।

  • 09:44 PM, 26 Feb 2023

    गिरफ्तारी के बाद सिसोदिया के आवास पहुंचे सीएम केजरीवाल

    मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिसोदिया के आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया साहसी व्यक्ति हैं, जो देश की सेवा में 24 घंटे लगे रहते हैं। देश देख रहा है कि उन्होंने कैसे हर गरीब के बच्चे को शिक्षा देने की कोशिश की है। हम देख रहे हैं किस तरह से देश में शरीफों, ईमानदार को जेल में डाला जा रहा है।

    दिल्ली के जो लोग भ्रष्टाचारी है उन्हें ये कुछ नहीं करते क्योंकि वे BJP के दोस्त हैं। मैं अभी मनीष सिसोदिया के परिवार से मिल कर आया हूं।