Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

इंडोनेशिया के बीच पर फंसी दर्जनों व्हेल मछलियों की मौत,


बंगकलां। इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत मदुरा में आइलैंड के बीच पर दर्जनों छोटी व्हेल मछलियां फंसी हुई मिलीं। बचाव अभियान के दौरान इनमें से 46 की मौत हो गई और केवल तीन को ही बचाया जा सका। आधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार दर्जनों पायलट व्हेल मछलियां बीच पर पहुंची और फंस गईं। इसके बाद गुरुवार को रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। इनमें केवल तीन ही बच पाईं। तीनों को वॉलंटियर्स और स्थानीय अधिकारियों द्वारा वापस समुद्र में धकेल दिया गया।

पूर्वी जावा के गवर्नर खोफीफा इंदर पारावांसा ने कहा कि अधिकारी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं और शवों को तट के आसपास दफनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि हमेशा समूह में रहने वाली मछलियां बीच पर क्यों पहुंची ? उन्होंने यह भी बताया कि जो वॉलंटियर्स ने उन्हें वापस समुद्र में धकेलने में मदद कर रहे थे उन्होंने बताया कि कुछ व्हेल फिर से तट पर लौट आईं, क्योंकि उनकी मां अभी भी समुद्र तट पर फंसी हुई हैं। देश में तट पर व्हेल मछलियों के फंसने को लेकर जानकारी रखने वाली एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल देश में समुद्र तट पर व्हेल मछलियों के फंसने की 59 घटनाएं हुईं। इनमें से अधिकांश में डोंगोंग और स्पिनर डॉल्फिन शामिल थीं।

इजरायल में भी समुद्र तट पर व्हेल मछली मृत पाई गई

इजरायल के तेल अवीव के दक्षिण में समुद्र तट पर बेबी व्हेल मछली मृत पाई गई है। अधिकारियों के मौत कारण पता नहीं चल सका है। लेकिन उन्होंने कहा कि तट के पास पानी काफी प्रदुषित है। मौत का कारण पता लगाने के लिए सैंपल लिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा है कि मौत के कारणों की जांच होगी और प्रदूषण के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसी तरह 2016 में एक व्हेल मछली मृत पाई गई थी।