Latest News उत्तराखण्ड

उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, कल्याण सिंह समेत दिवंगत नेताओं को दी गई श्रद्धांजलि


  1. देहरादून, : उत्तराखंड विधानसभा का 5 दिवसीय मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष रहीं स्व. इंदिरा हृदयेश, गंगोत्री के विधायक गोपाल रावत, हरिद्वार के पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार, पूर्व शिक्षा मंत्री नरेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक बच्ची सिंह रावत को सदन में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बता दें, पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने के बाद विधानसभा का यह पहला सत्र है। सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर नेता सदन पहली बार मौजूद रहेंगे।

मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार

बता दें, मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की योजना बनाई है। ऐसे में सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र के दौरान अनुपूरक बजट, दो सरकारी व दो असरकारी विधेयक भी पेश किए जाएंगे। सत्ता पक्ष और विपक्ष के 19 विधायकों ने सत्र के लिए 788 सवाल लगाए हैं।