Latest News झारखंड रांची

उत्तर प्रदेश से चली थी हथियारों की बड़ी खेप, बिहार के रास्ते झारखंड के अपराधियों तक पहुंचाने की थी साजिश


रांची, संगठित अपराध के खिलाफ अनुसंधान कर रही झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने बुधवार की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गया जिले के शेरघाटी बस स्टैंड से 35 देसी पिस्टल के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। एटीएस के एसपी प्रशांत आनंद ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चतरा जिले के टंडवा थाने के एक केस के अनुसंधान के दौरान यह जानकारी मिली कि गया का कुख्यात हरेंद्र यादव झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू गिरोह व अन्य अपराधिक गिरोह को हथियार की आपूर्ति करता है। अनुसंधान के क्रम में ही यह भी जानकारी मिली कि हथियारों की बड़ी खेप बिहार के गया जिले के शेरघाटी में पहुंची है और वहां खरीद-बिक्री होनी है। सूचना मिलते ही झारखंड एटीएस की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने शेरघाटी में संदिग्धों के विरुद्ध छापेमारी की और शेरघाटी बस स्टैंड से चार आरोपितों को 35 देसी पिस्टल तथा पांच मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इन हथियारों की आपूर्ति उत्तर प्रदेश से लाकर बिहार के रास्ते झारखंड में अमन साहू गिरोह एवं अन्य आपराधिक गिरोहों को की जानी थी।

उत्तर प्रदेश का मुबारक अंसारी गिरोह करता है हथियारों की आपूर्ति

आतंकवाद निरोधी दस्ता के अब तक के अनुसंधान में यह जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश का मुबारक अंसारी गिरोह ही हथियारों की आपूर्ति बिहार के गया जिले के हरेंद्र यादव गैंग एवं अरमान मलिक गैंग को करता था। अब गया का हरेंद्र यादव व अरमान मलिक गैंग इन हथियारों को झारखंड के अमन साहू गैंग व चतरा जिले के लल्लू खान गैंग तथा अन्य आपराधिक गिरोहों को उपलब्ध कराता था। हथियारों के कारोबार में इस अंतरराज्यीय गिरोह के संबंध में अन्य सभी पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।