Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

उत्तर भारत में ठंड ने दिखाए तेवर, दिल्ली सहित इन राज्यों में आज होगी बारिश


नई दिल्ली, । दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों में फिलहाल सर्दी का कहर जारी है। यही नहीं अभी 9 जनवरी तक उत्तर पश्चिम और उत्तर भारत के तमाम राज्यों में बारिश जारी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, यूपी जैसे उत्तर भारत के राज्यों और मध्य भारत में बारिश का मौसम बना रहेगा। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। आईएमडी के ताजा बयान के मुताबित एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सात जनवरी से नौ जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। अगले दो दिनों में पंजाब, हरियाणा और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ जो उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर है, आज रात तक पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करना शुरू कर देगा। दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात जैसी स्थिति होगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार रात से शुरू होने वाली बारिश शनिवार तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने शनिवार को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से लेकर विदर्भ तक में भारी बारिश और तूफान की स्थिति देखने को मिलेगी।

स्काइमेट वेदर के मुताबिक आज मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात के कुछ हिस्सों और बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। 7 और 8 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। पश्चिमी हिमालय में 7 और 8 जनवरी को एक बार फिर से बारिश और हिमपात की तीव्रता बढ़ेगी। लगातार जारी बारिश से दिल्ली और एनसीआर के वायु प्रदूषण में सुधार होगा।