पटना

ओमप्रकाश बने बीपीएससी टॉपर


परिणाम जारी विद्यासागर को दूसरा स्थान

पटना (आससे)। बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से बिहार राज्य सेवा की 64वीं संयुक्त प्रतियोगिता मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी हो गया है। यह परिणाम रविवार को बीपीएससी के आधिकारिक वेबसाइट पर भी जारी कर दिया गया। ओम प्रकाश गुप्ता टापर बने जबकि सुपौल निवासी यूपीएससी सफल विद्या सागर को दूसरा स्थान मिला। वहीं टॉप टेन में कोई महिला अभ्यर्थी स्थान नहीं बना सकी। टॉप करने वाले शीर्ष दस उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है। वे सभी उम्मीदवार जो 64वीं मुख्य परीक्षा में सफल रहे थे और साक्षात्कार में उपस्थित हुए थे।

ओम प्रकाश गुप्ता रौल नं.289818 टॉपर बने हैं जबकि विद्यासागर (363683)  दूसरे नम्बर और अनुराग आनंद(268585)ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है जबकि चौथे स्थान पर विशाल (287774), पांचवे पर शशांक बर्णवाल(497067), छठे स्थान पर अजित कुमार (310630), सातवें स्थान पर आलोक कुमार (471929), आठवें स्थान पर निखिल कुमार (285247), नौवें स्थान पर राघवेंद्र मणी त्रिपाठी (271418) और दसवां स्थान दीपक कुमार (275354) ने दसवां स्थान प्राप्त किया है।

परिणाम जारी होने के साथ ही बिहार को राज्य सेवा विभागों के लिए 1465 नए अफसर मिलने थे, लेकिन कुछ कारणों से 11 पद खाली रह गए और राज्य को सिर्फ 1454 नए अफसर मिल सके हैं। ये सभी अधिकारी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात राज्य सेवा में ज्वाइन कर सकेंगे। बता दें कि करीब चार हजार से अधिक उम्मीदवारों और उनके परिजनों को बिहार लोक सेवा परीक्षा के फाइनल रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार था। आयोग ने 1465 पदों के लिए मुख्य लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 3,799 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया था।

अभी तक अभ्यर्थी 2018 से शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के अंतिम परिणाम के 2021 का आधा साल बीत जाने तक भी जारी न होने से निराश थे और सोशल मीडिया पर लगातार गुहार लगा रहे थे। बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी की 64वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के लिए 2018 में प्रारंभिक अधिसूचना जारी हुई थी। इसके बाद विस्तृत विज्ञापन 2/8/2018 को जारी किया गया था। तथा प्रारंभिक परीक्षा 16/12/2018 को हुई थी। इसके पश्चात मुख्य परीक्षा 12/7/2019 से 16/7/2019 के मध्य आयोजित की गई थी और मुख्य परीक्षा के परिणाम 16/7/2020 को जारी हुए थे।

बता दें कि मुख्य परीक्षा में इस साल कुल 3,799 उम्मीदवार पास हुए थे। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। वहीं, साक्षात्कार का दौर 1/12/2020 से 10/2/2021 तक चला था। 1465 पदों पर नियुक्ति के लिए इस दौरान करीब 3800 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए थे। बीते माह 26 मई, 2021 को ही बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया था कि 64वीं सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जून 2021 के प्रथम सप्ताहांत संभावित है। गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग  की मुख्य परीक्षा में सामान्य हिंदी का 100 अंकों का और जनरल स्टडीज पेपर-1 और जनरल स्टडीज पेपर-2, ऐसे तीन पेपरों की परीक्षा ली जाती है। दोनों जनरल स्टडी पेपर 300 अंकों के होते हैं।

पटना के ऑटो चालक का बेटा बनेगा अफसर

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा राज्य में नौकरियों के लिए होने वाली सबसे उच्च स्तर की परीक्षा है। इसमें सफल होने वाले प्रतिभागियों की सक्सेस स्टोरी नौकरी की चाहत रखने वाला हर युवा जानना चाहता है।

राजधानी के कंकड़बाग में अशोक नगर निवासी अजीत की सफलता की कहानी काफी अलग है। वह मध्यम परिवार से है। उनके पिता वीरेंद्र प्रसाद डीएवी ट्रांसपोर्ट नगर के लिए ऑटो चलाते थे। हमेशा पापा को परेशानी में देखा। बचपन से ही अधिकारी बनने का लक्ष्य रखा। पढ़ाई जारी रखी। दुबई में आयल एंड गैस कंस्ट्रशन कंपनी में 2012 में नौकरी करने लगे तब पिता ने ऑटो चलाना छोड़ दिया। 2017 तक दुबई में रहे। लौटकर तैयारी कर रहे हैं। हर दिन आठ-10 घंटे पढ़ाई से छठी रैंक मिली।

बीपीएससी में द्वितीय रैंक लाने वाले विद्या सागर 2020 में यूपीएससी में सफल हुए थे। उन्हें इंडियन रेलवे सर्विस कैडर आवंटित हुआ। फिलहाल अवकाश में दिल्ली में है। विद्यासागर ने बताया कि वह हर दिन आठ घंटे पढ़ाई करते हैं। उनके पिता हरिनंदन यादव सुपौल में शिक्षक हैं,  मां पावित्री देवी गृहिणी है। कहा कि बचपन से ही लोगों की सेवा करने का सपना है। यह साकार हो रहा है।

मुंगेर के धरहरा निवासी विशाल को बीपीएससी में चौथी रैंक मिली है। विशाल बताते हैं कि वह फिलहाल डिफेंस में कोलकाता में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ हर दिन सात-आठ घंटे नियमित पढ़ाई करते रहे। हमेशा देश सेवा करने का लक्ष्य रहा है। वह फिलहाल डिफेंस में कोलकाता के दमदम में कार्यरत हैं। अब वह बिहार में रहकर राज्य के लोगों की सेवा की  तैयारी कर रहे हैं।