Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कपिल सिब्बल ने बीजेपी के आरोपों को बताया बेतुका


नई दिल्ली, । कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मोदी सरनेम पर विवादित टिप्पणी करने के चलते उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी गई है।

लेकिन सांसदी रद्द होने के बाद से विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं।

इसी कड़ी में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ”मोदी उपनाम” वाले बयान से ओबीसी का अपमान करने का आरोप लगाने वाले भाजपा के दो मंत्रियों पर निशाना साधा है।

बीजेपी नेताओं पर सिब्बल ने साधा निशाना

कपिल सिब्बल का मानना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ”मोदी उपनाम” वाले बयान से ओबीसी समाज का अपमान बताना सही नही है।

उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने ओबीसी समाज का अपमान किया, ऐसा बेतुका आरोप लगा कर आप हमारी अकलमंदी का मजाक उड़ा रहे हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि के मामले में सूरत की अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

क्या कहा कपिल सिब्बल ने?

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर ने गांधी पर ओबीसी का अपमान करने का आरोप लगाया था।

उनकी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पूर्व कानून मंत्री सिब्बल ने ट्विटर पर कहा कि धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर: ‘राहुल ने ओबीसी का अपमान किया’, इस तरह के बेतुके आरोप लगाकर आप हमारी अकलमंदी का मजाक उड़ा रहे हैं।

साल 2022 में कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल यूपीए की सरकार में दो बार केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। हालांकि उन्होंने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी के समर्थन से एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

कई विपक्षी नेताओं ने अयोग्य ठहराए जाने के बाद गांधी का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा।

क्या है पूरा मामला?

गुजरात के सूरत की अदालत ने भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दायर एक मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की जेल की सजा सुनाई थी।

हालांकि इसके तुरंत बाद ही उन्हें जमानत दे दी गई थी। दरअसल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक में चुनावी रैली करते हुए राहुल ने कहा, “सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है?” इसके बाद बीजेपी विधायक ने मोदी समाज का अपमान बताते हुए केस दर्ज कराया था।