News TOP STORIES नयी दिल्ली

कांग्रेस ने असम को हिंसा और बम-बंदूक का लंबा दौर दिया, महाजोत के महाझूठ को सिरे से नकारें : पीएम मोदी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि असम में आप लोगों ने एक बार फिर NDA की सरकार बनाना तय कर लिया है। असम की पहचान का बार-बार अपमान करने वाले लोग, असम के लोगों को बर्दाश्त नहीं। असम को दशकों तक हिंसा और अस्थिरता देने वाले, अब असम के लोगों को एक पल भी स्वीकार नहीं हैं। असम के लोग विकास के साथ हैं।

कांग्रेस सरकार ने अपने समय में असम को हिंसा, बम-बंदूक का लंबा दौर दिया

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने समय में असम को हिंसा, बम-बंदूक का लंबा दौर दिया। वहीं एनडीए सरकार असम के हर साथी को साथ लेकर शांति और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। तामुलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दो चरणों की वोटिंग के बाद आज तामूलपुर में आपके दर्शन करने का मुझे अवसर मिला है।इन दोनों चरणों के बाद असम में फिर एक बार NDA सरकार, ये लोगों ने तय कर लिया है।

असम में हो रहा विकास यहां पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है

उन्होंने कहा कि असम में हो रहा विकास यहां पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है। असम में हो रहा विकास यहां पर लोगों का, महिलाओं का जीवन आसान बना रहा है। असम में हो रहा विकास, यहां पर नए अवसर बना रहा है, नौजवानों के लिए अवसर बढ़ा रहा है। पीएम मोदी ने कहा देश में कुछ बातें ऐसी गलत चल रही हैं, अगर हम समाज में भेदभाव करके, समाज के टुकड़े करके अपने वोटबैंक के लिए कुछ दे दें, तो दुर्भाग्य देखिए, उसे देश में सेक्युलरिज्म कहा जाता है।

सेक्यूलरिज्म-कम्यूनिज्म के खेल ने देश का बहुत नुकसान किया

उन्होंने कहा कि लेकिन अगर सबके लिए काम करें, बिना भेदभाव के सबको देते हैं, तो कहते हैं कि ये कम्युनल हैं। सेक्यूलरिज्म-कम्यूनिज्म के इस खेल ने देश का बहुत नुकसान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि असम के लोग आज देख रहे हैं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास हमारी नीति में भी है और नीयत में भी है। गरीबों को पक्का घर मिल रहा है, तो हर वर्ग, हर जनजाति के गरीबों को मिल रहा है। शौचालय मिला, तो भी बिना भेदभाव के सभी को मिला। गैस कनेक्शन मिला, तो बिना भेदभाव के सभी को मिला।

आपके बेटे के सपने पूरे करने के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं यहां की माताओं- बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि आपके बेटे के सपने पूरे करने के लिए हम लगे रहेंगे। आपके बच्चों को बंदूक न उठानी पड़े, उन्हें जंगलों में जिंदगी न गुजारनी पड़े, उन्हें किसी की गोली का शिकार न होना पड़े, इसके लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यहां के चाय बागान में काम करने वाले साथियों को भी कांग्रेस ने लंबे समय तक मुसीबत में, अभाव में रखा था। चाय बागान में काम करने वाले लोगों के लिए सबसे ज्यादा काम एनडीए सरकार ने ही किया है।

भाजपा के संकल्प पत्र में इसके लिए स्पष्ट रोडमैप

पीएम मोदी ने कहा कि मेरा उन युवा साथियों से विशेष आग्रह है जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं। देश की आजादी के 75वें वर्ष का पर्व मनाते हुए आप जो वोट डालेंगे, वो इस बात को भी तय करेगा कि जब हम आजादी के 100 वर्ष मनाएंगे, तो असम कितना आगे होगा। भाजपा के संकल्प पत्र में इसके लिए स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि महाजोत के महाझूठ को आपको सिरे से नकारते चलना है। जिस तरह पहले दो चरणों में आपने बीजेपी की, एनडीए की ज्यादा से ज्यादा सीटों पर विजय सुनिश्चित की है, वैसे ही आपको तीसरे चरण में भी करना है।

कुछ लोगों ने घोषणा कर दी है, उन्होंने मान लिया है कि वो चुनाव हार चुके

उन्होंने कहा कि मैंने सुना, कल कुछ लोगों ने घोषणा कर दी है, उसमें उन्होंने मान लिया है कि वो चुनाव हार चुके हैं। अगली सरकार कैसी बनेगी, सरकार के लोगों ने क्या पहना होगा, वो कैसे दिखते होंगे, इसका उन्होंने वर्णन किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे बड़ा असम की संस्कृति का अपमान नहीं हो सकता। अभी से 5 साल के बाद असम को कब्जाने के सपने चौंकाने की बात है।