News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

कांग्रेस विधायक की दुष्कर्म संबंधी टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रियाएं, प्रियंका ने लगाई कड़ी फटकार,


नई दिल्ली, । कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस विधायक के आर रमेश कुमार द्वारा दुष्कर्म को लेकर की गई टिप्पणी पर देश भर में कड़ी प्रतिक्रिया हुई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने विधायक के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि संबंधित पार्टी को अपने विधायक को कानून के कठघरे में खड़ा करना चाहिए। दूसरी ओर सपा सांसद जया बच्चन और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी दुष्कर्म पर कांग्रेस विधायक की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केआर रमेश कुमार को कड़ी फटकार लगाई है।

प्रियंका बोलीं- यह अक्षम्‍य

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक केआर रमेश कुमार के विवादित बयान की कड़ी आलोचना की। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा- मैं इस बयान की कड़ी निंदा करती हूं। यह समझ से बाहर है कि कोई इस तरह के शब्द कैसे बोल सकता है। यह अक्षम्य है। दुष्‍कर्म एक जघन्य अपराध है। फुल स्‍टाप…

ति इरानी ने बोला हमला

शुक्रवार को लोकसभा में जब विपक्ष के सदस्य लखीमपुर कांड में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को पद से हटाने की मांग कर रहे थे तभी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह मामला उठा दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग प्लेकार्ड हाथ में लेकर नारे लगा रहे हैं उन्हें देखना चाहिए कि उनकी पार्टी के एक प्रतिनिधि ने गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में दुष्कर्म को लेकर कैसी टिप्पणी की है। अगर आपको वाकई में महिलाओं की कोई चिंता है तो कर्नाटक के सभी जनप्रतिनिधियों को विधायक के आचरण की निंदा करनी चाहिए। जो लोग सदन के वेल में खड़े हैं उन्हें अपनी पार्टी संगठन के पास जाना चाहिए और संबंधित व्यक्ति को कानून के सामने लाना चाहिए।