News TOP STORIES नयी दिल्ली

किसानों का भारत बंद जारी, शाम 6 बजे तक इन सेवाओं पर दिखेगा असर


 कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। 100 से अधिक दिन हो चुके हैं और इसी क्रम में शुक्रवार, 26 मार्च को संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का आह्वान किया है। सुबह 6 बजे तक शाम 6 बजे तक यानी 12 घंटों का यह राष्ट्रव्यापी बंद है। किसानों का कहना है कि इस दौरान वे सड़कों पर जाम लगाएंगे, सड़क तथा रेल परिवहन रोका जाएगा। किसानों का कहना है कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, वहां वे प्रदर्शन नहीं करेंगे। बंद का असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से सटी यूपी की सीमाओं, राजस्थान और मध्य प्रदेश में नजर आ सकता है।

ताजा फोटो दिल्ली यूपी बॉर्डर यानी गाजीपुर बॉर्डर से आ रही है। यहां किसानों में सड़क जाम कर दिया है। वाहनों का वापस लौटाया जा रहा है। किसान झंडे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। तख्तियों पर लिखा है- काले कानून वापस लो।

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों का दावा है कि उन्होंने आम लोगों से अपनी दूकानें और प्रतिष्ठान बंद रखने को कहा है। जनता भी पूरी तरह से किसानों के साथ है। किसान नेता बूटा सिंह का कहना है कि बंद पूरी तरह से शांति पूर्ण रहेगा।