Latest News नयी दिल्ली

किसानों के आधार प्रमाणीकरण व बैंक खातों में सीधे लाभ राश‍ि पहुंचाने में कुरुक्षेत्र, रूपनगर और ब‍िलासपुर अव्‍वल


नई दिल्‍ली । केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए बुधवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र, पंजाब के रूपनगर और हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले को पुरस्कृत किया।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सफल कार्यान्वयन के दो वर्ष पूर्ण होने पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने यहां पूसा में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया। समारोह में केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला को पुरस्‍कार प्रदान किया। हरियाणा के कृषि व किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने यह पुरस्‍कार ग्रहण किया। समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी मौजूद रहे।

– विभिन्न श्रेणी के पुरस्कारों में 5 राज्यों व 15 जिलों को पुरस्कृत किया
पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा विभिन्न श्रेणी के पुरस्कारों में 5 राज्यों व 15 जिलों को पुरस्कृत किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने राज्यों व जिलों को पुरस्कृत किया। लाभपात्र किसानों के आधार प्रमाणीकरण कार्य में 97 प्रतिशत उपलब्धि व आधार आधारित भुगतान कार्य में 90 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि के लिए कर्नाटक राज्य, प्रत्यक्ष प्रमाणीकरण कार्य में 99 प्रतिशत तक व शिकायत निवारण में 60 प्रतिशत तक उपलब्धि के लिए महाराष्ट्र राज्य तथा दिसम्‍बर 2018 से मार्च 2019 के दौरान 01 करोड़ 53 लाख किसानों के पंजीकरण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश को पुरस्कृत किया गया। पूर्वोत्तर व पहाड़ी राज्यों की श्रेणी में किसानों के आधार प्रमाणीकरण कार्य में 98 प्रतिशत उपलब्धि के लिए अरूणाचल प्रदेश और प्रत्यक्ष प्रमाणीकरण कार्य में 75 प्रतिशत तक उपलब्धि व शिकायत निवारण में 56 प्रतिशत तक उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को पुरस्कृत किया गया।

किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने के लिए उल्लेखनीय कार्यों के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला के अतिरिक्त पंजाब राज्य के रूपनगर जिला व हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला को पुरस्कृत किया गया। किसानों के आधार प्रमाणीकरण व लाभपात्र किसानों को उनकी लाभ राशि सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान किए जाने के लिए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पूर्वोत्तर व पहाड़ी क्षेत्र राज्यों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश के लाहौल व स्पीति जिलों व उत्तराखण्ड राज्य के उधम सिंह नगर जिले को पुरस्कृत किया गया।