राष्ट्रीय

किसान चक्का जाम के बीच राकेश टिकैत की चेतावनी- अप्रिय घटना होने पर मिलेगा दंड


नई दिल्ली। बीते 70 दिनों से भी ज्यादा समय नए कृषि कानूनों (New Farm laws) का विरोध कर रहे किसान आज देशव्यापी चक्का जाम (Chakka jam) कर रहे हैं। इसे देखते हुए राजधानी समेत कई राज्यों की पुलिस अलर्ट पर है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने कहा है कि अगर इस दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो दोषी को दंड दिया जाएगा। टिकैत का कहना है कि आज चक्का जाम हर जगह शांतिपूर्ण ढंग से किया जा रहा है। अगर कोई भी अप्रिय घटना होती है तो दंड दिया जाएगा।

वहीं राकेश टिकैत ने कहा कि किसान प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि पीएम का नंबर उन्हें दिया जाए। हमने बात करने के लिए उनको अपना नंबर दे रखा है। मेरा नंबर सार्वजनिक किया हुआ है। प्रधानमंत्री अपना नंबर हमें दें तो हम उनसे बात कर लें। बता दें कि केंद्र सराकर की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री का कहना है कि वो किसानों से केवल एक कॉल की दूरी पर हैं। वो कभी भी उनसे बात करके मसले का हल कर सकते हैं।

टिकैत ने बॉर्डर पर किलों के स्थान पर लगाए फूल
वहीं 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली (Tractor Rally) की आड़ में हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस का रुख किसानों के लिए सख्त हो गया, जिसके बाद गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए सड़क पर कीलों की बैरिकेडिंग की गई। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की बहुत किरकिरी भी हुई। इसके बाद पुलिस ने इन कीलों को रीलोकेट किया। जहां पर दिल्ली पुलिस ने कीलें लगाई थी वहां पर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने फूलों के पौधे लगा दिए हैं।

इन फूलों को लगाने के लिए दो डंपर मिट्टी भी मंगाई गई थी। इसके बाद टिकैत संग मिलकर अन्य किसानों ने यहां पर फूल लगा दिए। किसान नेता को जब मीडिया ने कीलों के स्थान पर फूल लगाते देखा तो वहां फोटो लेने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।

राष्ट्रीय और राज्य हाईवे पर यातायात रोका जाएगा
चक्का जाम के तहत देश में राष्ट्रीय और राज्य हाईवे पर यातायात रोका जाएगा। मोर्चा के डॉक्टर दर्शन पाल की ओर से चक्का जाम को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। 3 घंटे के चक्का जाम में दोपहर 3:00 बजे वाहनों के हॉर्न 1 मिनट तक बजाए जाएंगे, इसके बाद जाम समाप्त कर दिया जाएगा।

चक्काजाम के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना ना हो इसके लिए दिल्ली पुलिस ने चाक चौबंद तैयारी की है। रेलवे व मेट्रो भी पूरी तरह से सतर्क है। आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली मेट्रो के प्रभावित स्टेशनों में प्रवेश और निकासी द्वार को बंद किया जा सकता है।

आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा
राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक जाम किया जाएगा। इस दौरान इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस आदि सेवाओं को नहीं रोका जाएगा। चक्का जाम शांतिपूर्ण और अहिंसक होगा। मोर्चा की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि प्रदर्शनकारी चक्का जाम के दौरान किसी भी अधिकारी कर्मचारी या आम नागरिक के साथ संघर्ष ना करें।