News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

केंद्रीय मंत्रिमंडल को यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के प्रयासों के बारे में दी गई जानकारी


नई दिल्‍ली, । रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग पर भारत सरकार भी बारीक नजर बनाए हुए है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल को यूक्रेन में मौजूदा हालात और वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। यूक्रेन संकट को लेकर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक आज भी हो सकती है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों को यूक्रेन में मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। सरकार रोमानिया और हंगरी समेत अपने पड़ोसी देशों से विशेष उड़ानें संचालित कर यूक्रेन से भारतीयों को वापस ला रही है। उड़ानों के लिए यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद भारत के लिए उड़ान भरने से पहले भारतीय नागरिकों को यूक्रेन के सीमावर्ती इलाकों और देशों में भेजा जा रहा है।

यूक्रेन से भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान रोमानिया से मुंबई के लिए उड़ान भर चुका है। आने वाले दिनों में कई और निकासी उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। इस बीच यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने शनिवार को वहां फंसे अपने नागरिकों से बेहद सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को यूक्रेन से बाहर निकलने के लिए अधिकारियों से समन्वय के बिना किसी सीमा ओर नहीं बढ़ने की हिदायत दी है।