Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने खुद को किया आइसोलेट, मंत्रालय में कई लोग कोरोना संक्रमित


नई दिल्ली,  देश में कोरोना संक्रमण के मामले हर दिन रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ रहे हैं। धीरे-धीरे सरकार के कई मंत्रालयों में कोरोना संक्रमण फैल रहा है। अब सड़क परिवहन और राजमार्ग के कई कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंत्रालय के कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह (सेवानिवृत्त) ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने मंत्रालय के कई कर्मचारियों कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। कोरोना टेस्ट के बाद पता चल पाएगा कि, वे कोरोना संक्रमित है या नहीं। उधर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, रणदीप सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। तीनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर ही आइसोलेशन में हैं। हरसिमरत कौर ने भी होम क्वारंटाइन रहने का फैसला लिया है। उधर सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा (68) का कोरोना से निधन हो गया है। सिन्हा 1974 बैच के आईपीएस अफसर थे। गुरुवार को ही वे संक्रमित पाए गए थे।

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 17 हजार 353 नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले एक दिन में भारत में कोरोना से 1185 लोगों की जान गई है। देश में फिलहाल 15 लाख 69 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। शुक्रवार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर जारी आंकड़ों अनुसार कोरोना की वजह से 1,185 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 1,74,308 हो गई है। देश में 19 सितंबर, 2020 के बाद से एक दिन में सर्वाधिक लोग मारे गए हैं।