Latest News उत्तर प्रदेश वाराणसी

कोरोना के नौ मरीजों ने तोड़ा दम, मिले 1597 पाजिटिव


वाराणसी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम ही नहीं ले रही। गुरुवार को 5257 सैंपलों में 1597 पाजिटिव मिले। बीते कुछ दिनों के मुकाबले यह संख्या कम जरूर लग रही है, लेकिन सैंपल के लिहाज से संक्रमण दर 30.37 फीसद रही। वहीं कोरोना के चलते नौ लोगों ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 470 हो गई है।

बीएचयू व मंडलीय अस्पताल से 5257 सैंपलों के परिणाम प्राप्त हुए, जिनमें 1597 पाजिटिव व 3660 निगेटिव रहे। ज्यादातर मरीजों को होम आइसोलेशन का निर्देश देते हुए उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। कोविड लेवल थ्री हास्पिटल बीएचयू में सरायनंदन, भेलूपुर निवासिनी 55 वर्षीय महिला व कृष्णदेव नगर-भेलूपुर निवासी 64 वर्षीय पुरुष, डीडीयू हास्पिटल में संजय गांधी नगर कालोनी निवासी 84 वर्षीय पुरुष, मेरिडियन हास्पिटल में चौबेपुर निवासिनी 55 वर्षीय महिला, दीर्घायु हास्पिटल में अर्दली बाजार निवासी 79 वर्षीय पुरुष, पांडेयपुर निवासिनी 52 वर्षीय महिला व प्रेमचंद नगर कालोनी-पांडेयपुर निवासी 67 वर्षीय पुरुष, बीएचयू हास्पिटल में 70 वर्षीय पुरुष एवं सेंट्रल हास्पिटल बरेका में धर्मवीर कालोनी निवासी 64 वर्षीय पुरुष की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उधर, होम आइसोलेशन के 1381 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया गया। जिले में अब तक 50371 पाजिटिव केस मिले हैं, जिनमें से 33582 स्वस्थ भी हो चुके हैं। वहीं वर्तमान में जिले में 16319 सक्रिय कोरोना मरीज हैं। उधर, लैबाें में 7164 सैंपल पेंडिंग है, जिनके परिणाम का इंतजार है।