Latest News अन्तर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य

कोरोना संक्रमण ने दुनिया भर में ली 40 लाख से अधिक जानें, वैश्विक टीकाकरण पर जोर,


  1. न्यूयार्क,। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस (Antonio Guterres) ने बुधवार को वैश्विक वैक्सीनेशन प्लान पर जोर दिया। दुनिया भर में कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा 40 लाख के पार जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘दुनिया आज कोविड-19 महामारी के कारण एक और दुखद आंकड़े पर पहुंच गई। 40 लाख जिंदगियां वायरस के कारण खत्म हो गई। पृथ्वी पर तीन देशों में से एक की जनसंख्या से अधिक मौतें हुई हैं।’

उन्होंने कोरोना वैक्सीन को उम्मीद की किरण बताते हुए कहा कि अब भी कई देश इससे महरूम हैं। वैक्सीन वितरण को वायरस पछाड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी और कहा, ‘महामारी दूर होने में अभी लंबा वक्त लगेगा। इस साल आधे से अधिक संक्रमितों की जान चली गई। यह जितना अधिक फैलेगा उतने अधिक इसके वैरिएंट की उत्पत्ति होगी जो अधिक घातक होते जाएंगे और वैक्सीन भी इनपर कारगर नहीं होगा।’ दूसरी ओर मौतों का आंकड़ा देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने उन देशों को कड़ी फटकार लगाई जहां पाबंदियों में ढील दी गई है। बता दें कि अनेकों एशियाई देशों में कोरोना मामलों में फिर से बढ़त दर्ज की जा रही है। इंडोनेशिया में मौतों के आंकड़ों में 10 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।