Latest News झारखंड रांची राष्ट्रीय

कोहरे को मात देने के लिए राजधानी एक्‍सप्रेस है फॉग सेफ डिवाइस से लैस


धनबाद। नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली राजधानी 15 घंटे 39 मिनट, तो सियालदह जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस 16 घंटे 15 मिनट लेट। 11 जनवरी की सुबह धनबाद पहुंचने वाली दोनों राजधानी रात 10 बजे के बाद आएंगी। आगमन समय में और देर भी हो सकती है। ऐसा तब है जब दोनों ट्रेनें फॉग सेफ डिवाइस से लैस हैं। 11 जनवरी की रात नई दिल्ली से खुलने वाली हावड़ा, सियालदह और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस भी शाम के बदले देर रात चलेंगी और इस वजह से 12 जनवरी को भी लेट रहेंगी। धनबाद आने वाली और यहां से गुजरने वाली दूसरी ट्रेनों का भी यही हाल है।  

अकेले धनबाद मंडल को मिले हैं 739 फॉग सेफ डिवाइस, एक की कीमत तकरीबन तीन लाख

कोहरे के दौरान ट्रेनें सुरक्षित दौड़ सके इसके लिए अकेले धनबाद मंडल को 739 फाॅग सेफ डिवाइस मिले हैं। प्रत्येक डिवाइस की कीमत तकरीबन तीन लाख रुपये है यानि कि 22 करोड़ 17 लाख रुपये के डिवाइस कोहरे से निबटने के लिए लगे हैं। बावजूद ट्रेनों की टाइमिंग बेपटरी हो गई है। इस बारे में रेल अधिकारी का कहना है फाग सेफ डिवाइस के लग जाने से पहले की तुलना में ट्रेनों की गति बढ़ गई है। कोहरे में अधिकतम 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के बजाय उन्हें 75 किमी प्रति घंटे किया गया है। घने कोहरे में सुरक्षा और संरक्षा को लेकर एहतियात बरते जा रहे हैं। चालकों को स्वविवेक से गति नियंत्रण करना है।

लेट आनेवाली ट्रेनें

  • 10 जनवरी की रात 12:20 पर रवाना हुई नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस 15 घंटे 39 मिनट लेट चल रही है। इस ट्रेन के 11 जनवरी को रात 10:08 पर धनबाद आने की संभावना है।
  • 10 जनवरी की 12:50 पर रवाना हुई नई दिल्ली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस 16 घंटे 15 मिनट लेट चल रही है। इस ट्रेन के 11 जनवरी की रात 10:12 बजे तक धनबाद आने की संभावना है।
  • फिरोजपुर कैंट धनबाद गंगा-सतलज एक्सप्रेस 4 घंटे 40 मिनट लेट चल रही है। इस ट्रेन के 12 जनवरी को सुबह 8:38 पर धनबाद आने की संभावना है।
  • 12302 नई दिल्ली -हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से शाम 4:50 के बदले आज देर रात 1:10 पर रवाना होगी। सुबह 6:33 पर धनबाद आनेवाली ट्रेन के दोपहर 2:53 पर आगमन की संभावना जताई गई है।
  • 12314 नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से शाम 4:30 के बदले आज देर रात 1:20 पर रवाना होगी। सुबह 6:18 पर धनबाद आनेवाली ट्रेन के दोपहर 3:08 पर आगमन की संभावना जताई गई है।
  • 13308 फिरोजपुर कैंट धनबाद गंगा-स्तलज एक्सप्रेस 11 जनवरी की शाम 4:15 के बजाय 7:00 बजे रवाना होगी। ऐसे में 13 जनवरी को आनेवाली ट्रेन लेट रहेगी।
  • 22824 नई दिल्ली – भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 11 जनवरी की शाम 5:00 बजे के बजाय देर रात 12:30 पर रवाना होगी। सुबह 6:25 पर गोमो पहुंचने वाली ट्रेन देर रात 1:55 पर आने की संभावना है।