पटना

क्यों बदलेगा बख्तियारपुर का नाम : नीतीश


(आज समाचार सेवा)

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर का नाम बदलने की चर्चा को खारिज करते हुए कहा कि क्यों नाम बदलेगा। फालतू बात है। मेरा जन्म स्थान बख्तियारपुर है बख्तियारपुर के बारे में कुछ लोग बिना मतलब की बात करते रहते हैं। उन्होंनें कहा कि एक बार पार्लियामेंट में एक मेंबर ने कहा कि जिसने नालंदा यूनिवर्सिटी को नष्ट कर दिया उसका बख्तियारपुर में ही कैंप रहता था और इस बार उसी बख्तियारपुर में जन्म लेने वाला आदमी है, जो नये सिरे से फिर नालंदा यूनिवर्सिटी बनवा रहा है।

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में बताया कि उच्च शिक्षा को लेकर विभाग कई कदम उठा रहा है। बिहार में कॉलेजों की संख्या बढ़ी है। पहले क्या हाल था? जब हम लोगों को बिहार की जनता ने काम करने का मौका दिया, उस समय बिहार में कितने कॉलेज थे, कितने स्कूल थे, कितने इंजीनियरिंग कॉलेज थे, कितने मेडिकल कॉलेज थे? हमलोगों ने कई संस्थानों की शुरूआत की है। स्कूल कॉलेजों में शिक्षकों और कर्मियों की व्यवस्था की गयी है।

उन्होंने एनडीए में समन्वय को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में बताया कि ये एकदम भ्रम है। ऐसा कुछ भी नहीं है। कुछ लोगों की आदत होती है अपनी तरफ से बयानबाजी करने की, हम उस पर ध्यान नहीं देते हैं। सभी लोगों से अलग-अलग बात कर लीजिए। एक-एक डिपार्टमेंट और एक-एक चीज को लेकर हम सभी लोग एक दूसरे के निरंतर संपर्क में रहते हैं।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम पूरी तरह से सरकार का कार्यक्रम है। सभी लोगो को कहा गया है कि पार्टी में जो लेाग समस्या लेकर आते हैं उसको भी सुनिये। अपने डिपार्टमेंट का भी देखिये औ दूसरे डिपार्टमेंट का हो तो वहां भी सूचना दीजिए। इसलिए सभी लोग कर रहे हैं।