Latest News महाराष्ट्र

खुद को महान समझना बंद कर दें राणे, उन्होंने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को पहुंचाई ठेस : शिवसेना


  • केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को लेकर राजनीत‍ि तेज हो गई है। इस बीच शिवसेना ने गुरुवार को कहा कि केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे ने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई है और राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ दिए विवादित बयान के मामले में उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की गई।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल में राणे के अब कुछ ही दिन बचे हैं

शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के सम्पादकीय में दावा किया कि ”केन्द्रीय मंत्रिमंडल में राणे के अब कुछ ही दिन बचे हैं।” गौरतलब है कि यह पूरा विवाद सोमवार को राणे की मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने वाली कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। राणे ने रायगढ़ जिले में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में ठाकरे यह भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने विवादित बयान दिया था।

विवादित बयान के खिलाफ महाराष्ट्र में प्रदर्शन

राणे को मामले में मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि महाड की एक अदालत ने मंगलवार देर रात उन्हें जमानत दे दी। उनके इस विवादित बयान के खिलाफ महाराष्ट्र में प्रदर्शन किए गए। मुंबई में राणे के आवास के बाहर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को झड़प भी हो गई थी। मीडिया में उनकी ”आसन्न गिरफ्तारी” की खबरों से नाराज राणे ने अपनी गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले यह भी कहा था कि वह कोई ”आम” आदमी नहीं हैं और मीडिया को इस तरह की खबरें दिखाने को लेकर आगाह भी किया था।

महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई

मराठी दैनिक पत्र ‘सामना’ के सम्पादकीय में कहा गया, ” क्योंकि राणे कोई आम आदमी नहीं हैं, इसलिए उन्होंने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई। भाजपा को कम से कम अब यह समझ में आ जाना चाहिए। महाराष्ट्र के दुश्मन भी राज्य का इस तरह अपमान नहीं करते जैसे राणे ने किया।” सम्पादकीय में कहा गया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ राणे की टिप्पणी के मामले में मंत्री के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की गई।