News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

गहलोत, थरूर और दिग्विजय के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में आया ये नया नाम, दिलचस्प होगा मुकाबला


नई दिल्ली, । कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम के तौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता शशि थरूर का नाम लिया जा रहा है। गुरुवार सुबह खबर आई कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी चुनाव लड़ सकते हैं। दरअसल, दिग्विजय सोनिया गांधी से मुलाकात करने दिल्ली पहुंच रहे हैं।

अब कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट और लंबी होती जा रही है। संभावित लिस्ट में नया नाम शामिल हो गया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनीष तिवारी भी कांग्रेस का अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। मनीष तिवारी के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में राज्य के पार्टी प्रतिनिधियों से मिलने गए थे। ये प्रतिनिधि चुनाव में मतदाता भी हैं।

जी-23 के सदस्य रहे मनीष तिवारी

बता दें की सांसद मनीष तिवारी कांग्रेस से असंतुष्ट जी-23 के सदस्य भी रहे हैं। अन्य नेताओं के साथ उन्होंने भी पार्टी में सुधारों की बात कही थी। मनीष तिवारी के चुनाव लड़ने पर मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

गहलोत की दावेदारी ज्यादा मजबूत

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की दावेदारी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। गहलोत ने बुधवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात भी की। राजस्थान में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक के बाद गहलोत ने कहा कि मैं राहुल गांधी को मनाने की आखिरी कोशिश करूंगा। अगर वह नहीं मानते हैं तो मैं आलाकमान के निर्देशों का पालन करूंगा।

चुनाव की अधिसूचना जारी

उधर, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक, गुरुवार से नामांकन फार्म उपलब्ध हुए हैं। 24 से 30 सितंबर तक पर्चा दाखिल किया जा सकेगा। एक अक्टूबर तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसी दिन वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 8 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। इसके बाद उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी। एक से ज्यादा उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को चुनाव कराया जाएगा। वोटों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी।