Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गाली का सेल्फ गोल कांग्रेस की बदहाली का झोल मुख्तार अब्बास नकवी ने खरगे के बयान पर कांग्रेस पर साधा निशान..


नई दिल्ली, । पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जहरीले सांप वाली टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधा है। नकवी ने कहा कि गाली का सेल्फ गोल कांग्रेस की बदहाली का झोल बन गया है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि आज कांग्रेस राजनीतिक रूप से वेंटीलेटर पर है और उसकी सिरफिरी सोंच एक लेटर पर है।

नकवी ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

भाजपा के वरिष्ठ नेता नकवी ने आरोप लगाया कि भारत की धाक, मोदी जी की धमक को धूमिल करने की धुन कांग्रेस को धूलधूसरित कर रही है। उन्होने कहा कि कांग्रेस और परिवारवादी पार्टियां अभी भी हजम ही नहीं कर पा रहीं हैं कि एक गरीब, पिछड़ी पृष्ठभूमि का साधारण व्यक्ति परिवार तन्त्र को पछाड़कर प्रजातंत्र के रास्ते भारत की समृद्धि, सुरक्षा, सम्मान में सफलता के साथ चार चांद कैसे लगा रहा है।

येदियुरप्पा ने खड़गे से माफी की मांग की

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के एक दिन बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता की खूब आलोचना की और उनसे इस कथन को लेकर माफी मांगने को भी कहा। हालांकि, बाद में कांग्रेस नेता ने अपनी टिप्पणी को वापस ले लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने खरगे की ओर से की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। जिसमें पूर्व सीएम ने कहा कि मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि कांग्रेस अध्यक्ष इस तरह का बयान देंगे। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए, लोग इसे नहीं भूलेंगे।

कर्नाटक की जनता कांग्रेस को जवाब देगी: अन्नामलाई

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के बाद तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि कर्नाटक की जनता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी। पीएम ने कभी भी दुर्भावनापूर्ण बयानों का जवाब नहीं दिया, यह जनता है जो हर बार जवाब देती है। कांग्रेस ने अभी भी सबक नहीं सीखा है और अब कर्नाटक के लोग उन्हें इस बयान के लिए उपयुक्त जवाब देंगे। हार कांग्रेस के चेहरे पर लिखी गई है।