News TOP STORIES झारखंड रांची राष्ट्रीय

गिरिडीह में गरजे जेपी नड्डा कहा- दुनिया करती है पीएम मोदी को सलाम उनके साये में मजबूती से खड़ा है भारत


 गिरिडीह। गिरिडीह के झंडा मैदान में आज भाजपा की ओर से आहूत विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने सबसे पहले हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश,पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास,केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहे। 

जेपी नड्डा ने  भारत माता की जय, जय जोहार से अपना संबोधन शुरू किया।

जेपी नड्डा ने गाए मोदी सरकार के गुण

सभा को संबोधित करने से पहले उन्‍होंने जैन धर्म के महान सब्त पारसनाथ को नमन किया और कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को नमन कर अपनी बात प्रारम्भ करता हूं। उन्‍होंने सिधो कान्हो नीलाम्बर पीताम्बर, बुधु भगत, तिलका मांझी को भी नमन किया। अध्यक्ष ने कहा, मैं यहां मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सेवा सुशासन की बात करने आया हूं। हमारे पीएम बोलते हैं, तो दुनिया सुनती है।

जेपी नड्डा ने आगे कहा, कल का दिन ऐतिहासिक था। जब 21 जून को भारत के पीएम यूनाइटेड नेशन के प्रांगण में योग की अपनी संस्‍कृति का पूरी दुनिया में प्रसार किया है। वह वहां के टॉप सीईओ से मिल रहे थे। एलन मस्क तक कह चुके हैं कि वह मोदी के प्रशंसक हैं।

पीएम मोदी हैं सच्‍चे देशभक्‍त: जेपी नड्डा

पीएम मोदी की तारीफों के पुल बांधते हुए वह आगे बोले, पीएम मोदी जब आस्ट्रेलिया गए थे तो उन्हें कोई ग्लोबल लीडर, कोई हीरो, कोई बदलाव के चीफ, तो कोई उन्‍हें महान देशभक्त कहकर बुलाया। जबकि विपक्ष के लोग उन्‍हें सांप, बिच्छू आदि कहकर बुलाते हैं। वह आगे कहते हैं, दुनिया में आर्थिक मंदी है। अमेरिका, आस्ट्रेलिया, यूरोप में आर्थिक मंदी है। यूक्रेन में लड़ाई जारी है, कोरोना ने वार किया है, बावजूद इसके भारत मजबूती से खड़ा है।

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने आगे कहा, 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व मे 14वें पायदान पर थी, आज इंग्लैंड को भी पछाड़ 5वीं अर्थव्यवस्था बनी है। भारत की गरीबी 5 प्रतिशत व अति गरीबी 1 प्रतिशत से कम रह गई है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में झारखंड के लोगों को कई योजनाओं का लाभ मिला है।

झारखंड सरकार पर बरसे जेपी नड्डा

एक तरफ मोदी ने विकास की यात्रा बढ़ाई, दूसरी तरफ जेएमएम व कांग्रेस की सरकार ने झारखंड को पीछे धकेलने का काम किया है। यह तुष्टिकरण की सरकार है। इनकी वजह से प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है, कानून व्यवस्था तोड़ने वालों का साथ दिया जा रहा है। लैंड सकैम, शराब घोटाला, अवैध खनन हेमंत से जुड़ा है।