पटना

गोपालगंज: कुचायकोट थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में डूबने से दो भाइयों की मौत


गोपालगंज। कुचायकोट थाना क्षेत्र के फुलवरिया कमलाकांत गांव में एक पोखरे में नहाने गए दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने अपने मां बाप के इकलौते संतान थे। घटना की जानकारी गांव में मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। गांव के तमाम लोग इस हृदय विदारक घटना को सुनकर पीड़ित के दरवाजे पर पहुंचे और परिवार को संभालने में जुट गए।

मिली जानकारी के अनुसार कुचायकोट थाना क्षेत्र के फुलवरिया कमलाकांत गांव के अंकु तिवारी और टिंकू तिवारी सगे भाई हैं। बताया जाता है कि दोनों को एक-एक संतान थी। अंकु तिवारी का पुत्र बिट्टू (उम्र लगभग 7 वर्ष) और टिंकू तिवारी का पुत्र अंकित (उम्र लगभग 6 साल) दोनों साथ-साथ खेलते और पढ़ते थे। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम दोनों गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक चिमनी के किनारे बने पोखरे में खेलते-खेलते नहाने के लिए चले गए। कुछ और बच्चों के साथ वह पोखरे में नहाने लगे।

इस दौरान दोनों भाई तालाब में डूबने लगे। जिसके बाद अन्य बच्चे वहां से भाग खड़े हुए। इस दौरान पोखरे के बगल में धान की रोपाई कर रहे मजदूरों ने दोनों बच्चों को पोखरे में डूबते हुए देखा और दौड़कर पोखरे के गहरे पानी से दोनों को निकाला। अचेत अवस्था में दोनों को नजदीक के बथना कुट्टी स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद स्वजन मृतक बच्चों का शव लेकर गांव आए। बाद में दोनों बच्चों का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया। इधर घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही पूरे गांव में शोक दौड़ गई। इस हृदय विदारक घटना की जानकारी जिसको भी हुई वह भागकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और परिजनों को समझाने बुझाने में जुट गया।