राष्ट्रीय

गोरखपुर के राजशरण शाही बने एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई


उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के मूल निवासी राजशरण शाही को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इसे लेकर गोरखपुर के एबीवीपी कार्यकर्ताओं में खुशियों का माहौल है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शाही को बधाई दी है। संगठन के केंद्रीय कार्यालय से मंगलवार को इसका ऐलान चुनाव अधिकारी डॉ. एस सुब्बैया ने की। शाही के अलावा संगठन के महामंत्री के रूप में याज्ञवल्क्य शुक्ल को चुना गया है। शुक्ल झारखंड के रहने वाले हैं। दोनों ही नेता 25 नवंबर से 27 नवंबर तक राजस्थान में होने वाले संगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना-अपना दायित्व संभालेंगे। फिलहाल, एबीवीपी के राष्ट्रीय अद्यक्ष के पद पर गुजरात के सीएन पटेल और महामंत्री के पद पर निधि त्रिपाठी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों ही नेताओं को नए दायित्व के लिए बधाई दी है। योगी ने कहा कि दोनों के कुशल नेतृत्व में संगठन राष्ट्र आराधना के नित नए सोपान गढ़े, यही कामना है। बता दें कि संगठन के नए अध्यक्ष राजशरण शाही मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं। शिक्षाशास्त्र से पीएचडी करने के बाद फिलहाल वह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में सह आचार्य के पद पर तैनात हैं। वहीं याज्ञवल्क्य शुक्ल मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले हैं। वह संगठन में काफी ऐक्टिव हैं। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से भूगोल में पीएचडी हासिल की है।