Latest News उत्तर प्रदेश गोरखपुर नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

गोरखपुर में सीएम योगी ने बच्‍चों को क‍िया दुलार, हेलीकॉप्टर संग ख‍िचवाई फोटों तो चेहरों पर आई मुस्‍कान


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसी किसी कुरीति को नहीं पनपने देंगे जो समाज के विकास में बाधक हो। इसके लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। सामूहिक विवाह योजना उसी का एक हिस्सा है। मुख्यमंत्री शनिवार को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1500 जोड़ों के विवाह कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

नव दंपतियों को आशीर्वाद व उपहार देने के बाद उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि एक साथ 1500 जोड़े गोरखपुर में विवाह बंधन से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम दहेज मुक्त विवाह को प्रेरित करने के लिए डबल इंजन सरकार का प्रयास व कुरीतियों पर प्रहार है। समाज में यह कुरीति बेटी की शादी के पवित्र काम से वंचित कर देती थी।

दहेज के अभाव में जिन बालिकाओं पर अत्याचार होता था उसे समाप्त करने की दिशा में यह अभिनव प्रयास है। प्रदेश में 3 लाख परिवारों को इससे जोड़ चुके हैं। 2017 में इस योजना को शुरू किया। शुरू में 31 हजार की राशि निर्धारित थी। जब लगा की यह कम है तो इसे 51 हजार रुपये किया गया। 2022-23 चार हजार 531 जोड़ों का कार्यक्रम गोरखपुर में सम्पन्न किया गया है। जिनकी कन्या हैं उनके लिए कन्यादान एक पुण्य का अवसर है।

सरकार जब संवेदनशील होती है और बिना भेदभाव के काम करती है तो गरीब को लाभ मिलता है। आज यहां मुख्यमंत्री से लेकर विधायक, कर्मचारी अधिकारी एक साथ अतिथियों के स्वागत के लिए तैयार हैं। यहां विवाह बंधन में बंधने वालों को विवाह का प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। यह एक दुर्लभ क्षण है। केंद्र व प्रदेश की सरकार बेटी की सुरक्षा के लिए काम कर रही है। कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

एक नया विधेयक पारित किया गया है। आने वाले समय मे संसद व विधानसभा में भी 33 प्रतिशत आरक्षण होगा। परिसीमन होने के बाद ऐसी सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना लागू की है। 17 लाख बेटियों को योजना से जोड़ा है। ये सभी महिला सशक्तिकरण की दिशा में किये जाने वाले प्रयास हैं। 1 करोड़ 75 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी प्रदेश में हैं। दीपावली व होली पर एक एक सिलेंडर मुफ्त दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड, घर इसी प्रयास का हिस्सा है।

…और बच्चों को बुलाकर मुख्यमंत्री ने दिखाया हेलीकाप्टर

महंत दिग्विजय नाथ पार्क में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर सर्किट हाउस के हेलीपैड पर उतरा तो पास के अंबेडकर पार्क में खेल रहे बच्चे गेट के उसे पर से हेलीकाप्टर देखने लगे। मुख्यमंत्री की नजरें बच्चों पर पड़ीं तो वह उनके पास पहुंच गए। बच्चों को गेट खुलवाकर हेलीपैड पर बुलवाया। उन्हें चाकलेट दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ हेलीकाप्टर के पास फोटो भी खिंचवाए।