TOP STORIES

गोला गोकर्णनाथ, गोपालगंज व आदमपुर सीट पर जीती भाजपा, अंधेरी पूर्व में शिवसेना का परचम


देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आने शुरु हो गए हैं। बिहार की मोकामा सीट पर राजद उम्मीदवार नीलम देवी को जीत मिली है। वहीं गोपालगंज से भाजपा प्रत्याशी ने बाजी मारी है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा के उम्मीदवार गोला गोकर्णनाथ सीट से चुनाव जीत गए हैं। हरियाणा की आदमपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई को जीत मिली है। ओडिशा की धामनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सूर्यबंशी सूरज आगे बने हुए हैं। महाराष्ट्र की अंधेरी पूर्व सीट से उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना उम्मीदवार ऋतुजा लटके को जीत मिली है। वहीं, तेलंगाना मुनूगोड़े सीट पर टीआरएस और भाजपा में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। इन 7 सीटों में से 3 पर भाजपा, 2 पर कांग्रेस और एक-एक सीट पर आरजेडी और उद्धव ठाकरे गुट की पार्टी का कब्जा था। लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अमन गिरी ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने सपा उम्मीदवार विनय तिवारी को 34,298 वोट के अंतर से हराया है। मार्जिन में उन्होंने अपने पिता अरविंद गिरी का रिकार्ड भी तोड़ दिया है। 2022 में अरविंद गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 29294 वोटों के अंतर से हराया था। बिहार के मोकामा में आरजेडी के उम्मीदवार की जीत हुई है। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी को 16,707 वोटों से हराया है। यहां आरजेडी को 79,646 और भाजपा को 62,939 वोट मिले। पिछली बार की जीत का अंतर कम हुआ है। गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन गुप्ता को आखिरी राउंड में 2183 वोट से हरा दिया। आखिरी राउंड तक यहां पर कांटे की टक्कर रही। गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी शुरू से ही बढ़त बना ली थीं। 20वें राउंड में आरजेडी के मोहन गुप्ता आगे निकल गए। उन्होंने 1135 वोट की बढ़त ले ली, लेकिन 22वें राउंड में फिर भाजपा आगे निकल गई। आखिरी 24वें राउंड तक भाजपा ने बरकरार रखी और जीत दर्ज की। हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भव्य बिश्नोई की जीत ने 15 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के परिवार की तीसरी पीढ़ी के भव्य बिश्नोई का राजनीति में उदय होने जा रहा है। भव्य बिश्नोई इस बार बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़े और इसे जीतने में भी कामयाब रहे। उनकी इस जीत के साथ बीजेपी भी पहली बार आदमपुर में भगवा फहराने में कामयाब हो गई है। भव्य बिश्नोई ने सभी 13 राउंड में जीत बरकरार रखी। इस चुनावी जंग में कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश दूसरे पायदान पर रहे। मतगणना पूरी होने के बाद जय प्रकाश ने कहा कि वह 2024 में होने वाला चुनाव आदमपुर से लड़ेंगे।