चंदौली

चंदौली। वृक्ष बन्धु को मिला आनेरी डाक्टरेट अवार्ड


इलिया। क्षेत्र के कटवां माफी गांव निवासी परशुराम सिंह को देश हित में उत्कृष्ट कार्य करते रहने पर संयुक्त राष्ट्र संघ के जेनेवा द्वारा प्रमाणित आनेरी डॉक्टरेट अवार्ड से नवाजा गया है। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा अधिकृत भारत वर्चुअल यूनिवर्सिटी ने श्री सिंह को पर्यावरण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने तथा मानव जीवन के मूल्यों के प्रति सजगता पूर्वक कार्य करते रहने पर आनेरी डॉक्टरेट अवार्ड से नवाजा है। पिछले चार दशक से श्री सिंह को वृक्षों के प्रति गहरा लगाव रहा है। अब तक उन्होंने अपने हाथों से 10 लाख से अधिक वृक्ष लगाकर प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में क्षेत्र तथा जिले का नाम गौरवान्वित करने का काम किया है। बचपन से ही वृक्षों के प्रति गहरा लगाव रखने वाले श्री सिंह सदैव मानव जीवन के प्रति संवेदनशील रहे हैं। किसी समारोह या किसी आयोजन में आमंत्रित होने पर भी वह लोगों से वृक्ष लगाकर मानव जीवन को बचाए रखने का सदैव अपील करते रहते हैं। इसी प्रकार जल संचय के प्रति वह उतना ही गंभीर रहते हैं। जीवन के लिए जल कितना जरूरी है तथा जल की एक-एक बूंद की कीमत और उसे बेवजह बहाए जाने के रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने का काम करते हैं। इनके इस कार्यों के बदौलत वर्ष 2007 में उत्तर प्रदेश वन विभाग द्वारा वृक्ष बंधु के सम्मान से नवाजा तो वहीं वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा सेवक का उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया। वर्ष 2020 में इंटरनेशनल एनवायरमेंटल लीडर के सम्मान से श्री सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले के कई सामाजिक कार्यों में भी उन्हें एवार्ड देकर सम्मानित किया जा चुका है। परशुराम सिंह के राष्ट्रहित में दिये गये विशिष्ट योगदान को देखते हुए भारत वर्चुअल यूनिवर्सिटी ने भी आनेरी डॉक्टरेट अवार्ड से नवाजा है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों के साथ पूरा जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है।