News TOP STORIES महाराष्ट्र

चक्रवात ताउते: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा की


  • मुंबई, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के मद्देनजर मुंबई, ठाणे और अन्य तटीय इलाकों में स्थिति की समीक्षा की।

आधिकारिक बयान के अनुसार, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और रायगढ़ जिले के तटीय इलाकों के 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें रायगढ़ के 8,380, रत्नागिरि के 3,896 और सिंधुदुर्ग के 144 लोग हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ठाकरे ने मुंबई, ठाणे और निकटवर्ती इलाकों में स्थिति की समीक्षा की और चक्रवात के कारण कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज प्रभावित ना हो, यह सुनिश्चित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।

बयान के अनुसार, रायगढ़ जिले में ‘रेड अलर्ट’ और मुंबई, ठाणे तथा पालघर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

‘रेड अलर्ट’ में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश और ‘ऑरेंज अलर्ट’ में छह से 20 सेंटीमीटर के बीच बारिश होने का अनुमान होता है।

इसबीच, उप मुख्यमंत्री अजित पवार राज्य सचिवालय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ पहुंचे और बचाव कार्य का मुआयना किया। उन्होंने राज्य के सभी तटीय जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है।

पवार ने सिंधुदुर्ग, रत्नागिरि, रायगढ़, ठाणे, पालघर, मुंबई (शहर), मुंबई (उपनगर) के जिलाधिकारियों और बृहन्मुंबई नगर निगम के इकबाल सिंह चहल से फोन पर बात की और बचाव कार्यों तथा चक्रवात से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी हासिल की।