Latest News खेल नयी दिल्ली राष्ट्रीय

‘चक दे इंडिया’ पर झूमा देश, टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत पर बधाईयों का सिलसिला


  • नई दिल्ली: भारत की हॉकी टीम ने गुरुवार को ओलंपिक्स में 41 साल बाद मेडल पर कब्जा जमा लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया को दुनियाभर से बधाईयां मिल रही हैं। देश चक दे इंडिया पर झूम रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शानदार जीत की बधाई दी है। जीत के बाद पंजाब में गुरंजत सिंह के यहां परिवार के सदस्य झूम उठे। वहीं, इंफाल में हॉकी खिलाड़ी नीलकांत शर्मा के परिवार के सदस्य और पड़ोसी पुरुष हॉकी में टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाते हुए ढोल नगाड़ों पर डांस करने लगे।

भारतीय टीम को ऐतिहासिक जीत के बाद लगातार बधाईयां मिल रही हैं। पूर्व एथलीट पीटी ऊषा ने कहा, मेरे बेटों को कांस्य पदक जीतने के लिए उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई। पूरे देश को उस शो पर गर्व है जो उन्होंने ओलंपिक के दौरान दिखाया है। यह भारतीय हॉकी के लिए एक और स्वर्ण युग की शुरुआत हो!

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, जब आप पदक जीतते हैं तो आप बहुत से लोगों को उस खेल में आने और आने वाली पीढ़ियों का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करते हैं जो अधिक पदक जीत सकते हैं। भारत के लिए एक और पदक जीतने और 135 करोड़ भारतीयों को खुश होने की वजह देने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने इस प्रदर्शन से देश का दिल भी जीता है।

मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक ध्यानचंद ने कहा, यह मैच विश्व हॉकी में एक मिसाल के तौर पर देखा जाएगा, ऐसा मैच मैंने लंबे समय से नहीं देखा है। दुनियाभर के कोचिंग सेंटर इस खेल को देखने के लिए प्रेरित करेंगे, मैच की गुणवत्ता शीर्ष पर थी।