चंदौली

चन्दौली।नामांकन पत्रों की जांच शुरु, प्रत्याशियों की बढ़ी धड़कन


सकलडीहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिये किये गये नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार से शुरू हो गयी है। वही नामांकन पत्रों की जांच शुरू होते ही खारिज हो जाने के डर से प्रत्याशियो की धड़कने बढ़ गयी है। सुबह से ही प्रत्याशी अपने नामांकन पत्रों की जांच में जुटे रहे। विकास खंड कार्यालय में दो दिनों में कुल प्रधान सहित अन्य पदों पर 2631 नामांकन हुआ है। जिसमें 773 प्रधान पद के लिये नामांकन किया गया है। 671 क्षेत्र पंचायत सदस्य बीडीसी के लिये नामाकन दाखिल किया गया है। वही 1187 ग्राम पंचायत सदस्य के लिये नामांकन किया गया है। ग्राम पंचायत सदस्य के लिये कुल 1328 पद सृजित है। 141 पद पर ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर नामांकन नही हो पाया है। जबकि 960 ग्राम प्रधान और 774 क्षेत्र पंचायत और 1488 ग्राम पंचायत सदस्य के लिये नामांकन पत्र खरीदा गया था। इस बाबत चुनाव अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि 16 और 17 अप्रैल को नामांकन किये गये पत्रों की जांच की जायेगी। उम्मीदवारों को न्याय पंचायत स्तर पर बुलाया गया है। कुछ कमी होने पर सुधार किया जा रहा है। उम्मीदवारों द्वारा जरूरी साक्ष्य उपलब्ध नही करने पर नामांकन खारिज कर दिया जायेगा। इस मौके पर एआरओ पंकज, राजेश सिंह, अभिषेक सिंह, संजीव सिंह, दुर्गेश सिंह, रणजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।