News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

चाईबासा में गरजे अमित शाह: बोले- विकास की लंबी सूची लाया हूं, हेमंत भाई बताएं भ्रष्टाचार के अलावा क्या किया


रांची। झारखंड में राजनीतिक सरगर्मियां एक बार फिर से तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृहमंत्री का शुक्रवार को राज्‍य में आगमन हुआ है और आज वह चाईबासा में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार का शंखनाद करने वाले हैं। उनके यहां आने से लोगों में गजब का उत्‍साह है। गृह मंत्री के पहुंचने के साथ ही भीड़ ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। 

कार्यक्रम में उपस्थित कई नामी-गिरामी नेता

कार्यक्रम के आयोजकों की तरफ से पुलिस से आग्रह किया जा रहा है कि वे लोगों को जांच करने के बहाने नहीं रोकें और उन्‍हें आगे भेजते रहें। कार्यक्रम के मंच पर सांसद बीडी राम, निशिकांत दुबे, जयंत सिन्हा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, संजय सेठ, नीलकंठ सिंह मुंडा, आशा लकड़ा, रविंद्र राय, जेबी तुबिद, प्रदीप वर्मा आदि पहले से मौजूद हैं। इधर, अमित शाह का हेलीकाप्टर भी सभास्थल पर पहुंच चुका है।

चाईबासा में गृहमंत्री का भव्‍य स्‍वागत

हेलीपैड में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और वरीय नेताओं ने उन्‍हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। अमित शाह हेलीकॉप्टर से उतरकर सीधे कोल्हान विश्वविद्यालय में बने ऑडिटोरियम में पहुंचे। केंद्रीय गृहमंत्री यहां कोल्हान में भाजपा के जनाधार को बढ़ाने और संसदीय सीट को जीतने का मंत्र कार्यकर्ताओं के बीच देंगे। इसके बाद वह टाटा कॉलेज मैदान में बने कार्यक्रम स्थल पर विजय संकल्प महारैली को संबोधित करेंगे।

हेमंत सरकार ने प्रदेश को बनाया खोखला: मेनका सरदार

इधर, कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा, हेमंत सरकार ने झारखंड को खोखला कर दिया है। सड़कों का शिलान्यास हुआ लेकिन काम नहीं, स्कूलों का भी यही हाल है, महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ा है। सभी कार्यकर्ता यहां से संकल्प लेकर जाएं कि अपने-अपने क्षेत्र में विधायक और सांसद उम्मीदवार को जिताएंगे।

झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने में जुटी भाजपा

सांसद समीर उरांव ने कहा, हम लोग झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जुटे हैं और यही संदेश लेकर जाएंगे। माटी, बेटी और रोटी का सवाल जस का तस बना हुआ है। झारखंड में विकास कार्य भाजपा की सरकार में ही हुआ था। अब भ्रष्टाचार चरम पर है। आईएएस तक जेल जा रहे हैं।

इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा, यहां की भीड़ बता रही है कि लुटेरों का राज खत्म होने वाला है। तीन वर्षों के जंगल राज में आम लोगों की भारी अनदेखी हुई। लीज नहीं मिलने के कारण अधिसंख्यक खदान बंद हैं। रोजगार की समस्या बढ़ी है।

मुख्‍यमंत्री के दामन में है खून: पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया, आदिवासी के मान, सम्मान और उत्थान का काम भाजपा की सरकार में ही हुआ है। आदिवासी को राष्ट्रपति बनाने का काम मोदी सरकार ने की। झारखंड में भी जनजातियों के लिए बहुत कुछ भाजपा सरकार ने किया। हमारी सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रयास किया, लेकिन कमीशन की योजना को बंद कर दिया गया। जिस मुख्यमंत्री के दामन में खून है, वह जोहार यात्रा कर रहा है। आज इस सरकार के विरोध में उलगुलान की जरूरत है।

गांवों में सुविधाएं पहुंचाना मोदी सरकार का संकल्‍प: अर्जुन मुंडा

चाईबासा से विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्र मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि 15 नवंबर बिरसा मुंडा के जयंती को जनजातीय दिवस के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही लागू किया। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, जिस मिट्टी ने कभी हार नहीं माना, कभी समझौता नहीं किया, इस धरती से हम शंखनाद कर रहे हैं। जिन भावनाओं को लंबे शासनकाल में कांग्रेस ने नहीं समझा उसे मोदी सरकार ने समझा। आज इस देश मे मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज आगे बढ़ रहा है। एकलव्य जनजातीय स्कूल मोदी का सपना है। कोल्हान में आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं। 1 लाख 5 हजार जनजातीय गांव इस देश मे हैं। तमाम सरकारी सुविधाएं इन गांवों में उपलब्ध कराना है।

लोगों ने लगाए जय श्री राम के नारे

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंच पर पहुंचकर सबसे पहले बिरसा मुंडा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। केंद्रीय गृह मंत्री का जनजातीय पत्ता का टोपी, पत्ता का माला, प्रतीक चिन्ह समेत अन्य चीजें देकर स्वागत किया गया। उनके पहुंचने के साथ ही चारों से जय श्री राम के नारे लगने लगे। इसके बाद गृह मंत्री ने भारत माता की जय के साथ सभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा, हमारी सरकार रघुवर दास के नेतृत्व में बनी, मूलभूत चीजें करते हुए 5 साल गुजर गए। आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिचोलिया दलाल हावी है। उन्‍होंने उपस्थित लोगों से कहा, 2024 में कोल्हान से एक कमल लेकर नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेना है।

हमने आदिवासियों की बेटी को महामहिम राष्‍ट्रपति बनाया: शाह

गृह मंत्री ने हेमंत सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, 1932 के खतियान के आधार पर चाईबासा के लोगों को नौकरी मिलेगी क्या? उन्‍होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व उग्रवाद को खत्म किया जा रहा है। नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है। आदिवासियों के सामान को बढ़ाते हुए आदिवासियों की बेटी द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बना कर महामहिम द्रोपदी मुर्मू बनाया। इधर, हेमंत सोरेन ने डीएमएफटी फंड को एमपी एमएलए डीएमएफडी फंड बना दिया।

2024 के चुनावों में भाजपा को मिलेगी भारी मतों से जीत: शाह

अमित शाह ने कहा कि चाईबासा के लोगों का उत्साह देख कर लग रहा है 2024 के लोकसभा चुनावों में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी प्रचंड वोटों से विजयी होगी। अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम के साथ उन्‍होंने सभा को खत्म किया और फिर सेना के हेलीकॉप्टर से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए निकल गए।