Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

चीन ने अमेरिका पर लगाया संबंधों में ‘गतिरोध’ का आरोप,


  • चीनी शहर तियानजिन में अमेरिका और चीन के बीच सोमवार को आमने-सामने की उच्च स्तरीय वार्ता शुरू होने के बीच चीन ने अमेरिका पर द्विपक्षीय संबंधों में ”गतिरोध” पैदा करने का आरोप लगाया। मिली जानकारी के मुताबिक चीन के उप विदेश मंत्री शेई फेंग ने अमेरिका से ”अपनी अत्यधिक पथभ्रष्ट मानसिकता और खतरनाक नीति को बदलने” की अपील की।

कुछ अमेरिकी चीन को ”काल्पनिक शत्रु” के रूप में चित्रित करते हैं, इसलिए है गतिरोध

शिंहुआ ने बताया कि शी ने अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शेरमन से कहा कि चीन और अमेरिका के संबंधों में गतिरोध इसलिए है, क्योंकि कुछ अमेरिकी चीन को ”काल्पनिक शत्रु” के रूप में चित्रित करते हैं। शेरमन अमेरिका एवं चीन के संबंधों के प्रभारी फेंग और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ तियानजिन शहर के रिजॉर्ट में बंद कमरे में अलग-अलग बैठकों में दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों पर चर्चा कर रही हैं।

प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मामलों पर दोनों के बीच तनाव की स्थिति

छह महीने पहले जो बाइडन के अमेरिका में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद वह चीन की यात्रा करने वाली सबसे ऊंचे रैंक की अमेरिकी अधिकारी हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में दोनों देशों के बीच संबंध बहुत खराब हो गए थे और प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मामलों पर दोनों के बीच तनाव की स्थिति है।