News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जितिन प्रसाद पारंपरिक कांग्रेसी, अचानक बदल दिया अपना स्टैंड: मल्लिकार्जुन खड़गे


  1. नई दिल्ली,। कांग्रेस के बड़े नेता रहे जितेंद्र प्रसाद के पुत्र और कांग्रेस के ग्रुप-23 समूह के नेताओं में शामिल जितिन प्रसाद भाजपा में शामिल हो गए हैं। जितिन का भाजपा में जाने से कांग्रेस में हलचल मच गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर वह कांग्रेस और उस विचारधारा को दोष देते हैं जिसके लिए उन्होंने और उनके पिता ने काम किया, तो यह दुखद है।

खड़गे ने कहा कि जितिन को कांग्रेस में सभी लोग सम्मान देते थे। उन्होंने अचानक अपना स्टैंड बदल दिया, ये बहुत दुख की बात है। हो सकता है 8-10 साल हमारे लिए ठीक न हों लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि हम विचारधारा छोड़ें। ये नहीं होना चाहिए था। जितिन प्रसाद पारंपरिक कांग्रेसी थे, हमने उन्हें सम्मान दिया, उनकी उपेक्षा नहीं की गई।

बता दें कि कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए थे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। राजनीतिक रूप से अहम उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनका भाजपा में जाना सामाजिक समीकरणों के लिहाज से पार्टी को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।