Latest News रांची

जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस अलर्ट… धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा.


रांची, रांची में बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भीड़ ने हिंसक रूप धारण कर लिया था। पुलिस और भीड़ के बीच में पथराव और गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई थी। अब भी कई लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। भीड़ में शामिल लोग भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने माहौल खराब कर दिया। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने भी भीड़ पर फायरिंग कर दी।

दोबारा उपद्रव नहीं हो इसलिए पुलिस अलर्ट

इस घटना के बाद से रांची के कई इलाकों में माहौल तनावपूर्ण देखा जा रहा है। कल शुक्रवार को पुन: जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इसे देखते हुए रांची मेन रोड में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंदिरों की बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहां पुलिस की तैनाती कर भी कर दी गई है। पुलिस इस बात को लेकर सतर्क है कि दोबारा उपद्रवी किसी मंदिर पर पथराव नहीं करें, जिससे दूसरे संप्रदाय के लोगों को ठेस पहुंचे। पिछली बार की घटना में पुलिस की लापरवाही भी खुलकर सामने आई थी। इससे सबक लेते हुए इसबार पुलिस प्रशासन की ओर से झारखंड पुलिस और रैफ जवानों की तैनाती की जा रही है।