Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

जेपी नड्डा का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- टूलकिट में था योग और असम की चाय को बदनाम करो


  1. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को असम भाजपा कार्यकारिणी बैठक को संबोधित किया। जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब जानते हैं कि असम पूर्वोत्तर का गेटवे है। वैचारिक पृष्ठभूमि में भी असम में भाजपा का परचम लहराता है, तो हमारे लिए पूर्वोत्तर का दरवाजा खुलता है। असम में गत चुनाव में एनडीए को 126 में से 75 सीटें मिली हैं, इसके लिए मैं असम की जनता को भाजपा की तरफ से धन्यवाद देता हूं। एक तरफ असम में जहां सांप्रदायिकता और अलगाववाद के बीज बोये जा रहे थे। लेकिन असम की जनता ने इन सबको नकार दिया।

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब असम में 15 साल कांग्रेस की सरकार रही, तब यहां सांप्रदायिकता, अलगाववाद का जन्म हुआ और विकास को नकारा गया। भ्रष्टाचार की नई-नई दुकानें प्रदेश में खुल गईं। तब हर जगह भ्रष्टाचार होता था और कमीशनखोरी होती थी। पिछले 5 वर्षों में सर्बानंद सोनोवाल जी और हेमंत विश्वा शर्मा जी के नेतृत्व में जिस तरीके से असम ने विकास की गति पकड़ी और असम प्रदेश के विकास को पटरी पर लाने का काम किया गया। उसपर असम की जनता ने मुहर लगाकर शाबाशी दी है। चुनाव प्रचार के दौरान मैंने कहा था कि ये जो राजनीतिक पर्यटक हैं, ये सिर्फ चुनाव के समय दिखते हैं। आज चुनाव के बाद भी मैं कह सकता हूं कि दूर -दूर तक कांग्रेस पार्टी और बदरुद्दीन की पार्टी दिखाई नहीं देती है।

योग को और असम की चाय को बदनाम करो

आपने कांग्रेस का टूलकिट देखा होगा, उसमें लिखा है कि योग को और असम की चाय को बदनाम करो। जिससे हमारी दुनिया में ख्याति होती है, ये उसे बदनाम करने की बात करते हैं। कांग्रेस के लोगों को कोई माफ नहीं करेगा। हम चुनाव भी लड़ते हैं और चुनाव जीतने के बाद समाज की सेवा में भी जुट जाते हैं। असम में भी भाजपा के लाखों कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के माध्यम से जनता की सेवा में लगे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी चुनाव में आती है और इसके नेता चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं। पहले असम में ऑक्सीजन का उत्पादन 45 मीट्रिक टन था, जो अब 100 मीट्रिक टन हो गया है। ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता पहले 200 मीट्रिक टन थी, अब ये बढ़कर 400 मीट्रिक टन हो गई है। असम में 45 दिन के अंदर ही ये काम किए गए हैं, इसके लिए मैं आपको बधाई देता हैं।