Latest News झारखंड रांची राष्ट्रीय

झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों ने किया नियोजन नी‍ति का विरोध


रांची, झारखंड के नये विधानसभा भवन में पंचम विधानसभा दसवें शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है।इस दौरान सदन में कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के सारे विधायकों ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच, सत्‍ता पक्ष के विधायकों ने लोकसभा में मुख्‍यमंत्री को दुष्‍कर्मी कहे जाने का विरोध किया और निंदा प्रस्‍ताव पारित करने की मांग की। इस जोरदार हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही 12.45 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

भाजपा विधायकों ने हेमंत सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

इतना ही नहीं, भाजपा विधायकों ने राज्य सरकार की नियोजन नीति के विरोध में विधानसभा के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान बेरोजगारों को ठगना बंद करो, राज्य सरकार शर्म करो के नारे लगाए गए।

राज्‍य सरकार की नीतियों को बताया गया गलत

भाजपा के विधायकों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की गलत नीति के कारण ही हजारों पदों पर होने वाली नियुक्ति ठप हो गई है। राज्य सरकार ने जानबूझकर ऐसी नियमावली बनाई कि वह अदालत में टिक नहीं सकी। राज्य सरकार नहीं चाहती थी कि नियुक्ति हो।

पिछले दिनों झारखंड उच्च न्यायालय ने तृतीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति के लिए गठित झारखंड कर्मचारी चयन आयोग नियुक्ति संचालन नियमावली को रद्द कर दिया था। इसमें अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए झारखंड के शैक्षणिक संस्थानों से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया था।