Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

टिकट कटने से नाराज सपा के पूर्व मंत्री शारदा शुक्ला के तीखे बोल,


लखनऊ, भाजपा ने प्रवर्तन निदेशालय से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले राजेश्वर सिंह को सरोजनीनगर विधान सभा क्षेत्र से मैदान में उतारा तो इस क्षेत्र के कद्दावर नेता रहे सपा के पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला भी उनके समर्थन में आ गए। भाजपा में शामिल हुए शुक्ला ने राजेश्वर सिंह को अपना दामाद बताते हुए स्वाती सिंह की तरह जिताकर विधानसभा पहुंचाने का वादा किया। साथ ही सपा मुखिया अखिलेश यादव को बर्बाद कर देने की धमकी भी दी।

सपा सरकार में मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता है। वह सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं और इसी सीट से इस बार भी टिकट चाह रहे थे, लेकिन अखिलेश ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इससे नाराज शुक्ला ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचकर भाजपा का दामन थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह भी साथ थे। शारदा प्रताप शुक्ला ने कहा- राजेश्वर सिंह मेरे दामाद हैं। जिस तरह से स्वाती सिंह को जिताकर विधानसभा भेजा था, वैसे ही राजेश्वर सिंह को भी जिताऊंगा।

सपा पर निशाना साधते हुए बोले कि राजनीति हमें विरासत में नहीं मिली, बल्कि अपनी मेहनत से छीनी है। अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने कहा कि डा. राम मनोहर लोहिया से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचार मिलते हैं, इसलिए भाजपा में शामिल हुए हैं। उनके साथ प्रसपा के उन्नाव जिलाध्यक्ष व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतीश कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में समर्थक भाजपा में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दयाशंकर सिंह ने किया।