Latest News आगरा उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

ताजमहल में समाजवादी पार्टी की मेयर प्रत्याशी ने किया चुनाव प्रचार


आगरा, : आगरा नगर निकाय चुनाव में प्रचार को लेकर ताजमहल चर्चा में आ गया है। शनिवार को ईद की नमाज के बाद सपा प्रत्याशी जूही प्रकाश ने रायल गेट पर खड़े होकर लोगों से वोट मांगे। उनका हाथ जोड़कर खड़े होने की मुद्रा में वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचारित हो रहा है। इसमें सपा के चुनाव चिन्ह वाला पटका पहने व्यक्ति पीछे खड़ा हुआ दिख रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) द्वारा स्मारक में लगे कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। अगर उनमें चुनाव प्रचार के साक्ष्य मिलते हैं तो जिला निर्वाचन अधिकारी से सपा प्रत्याशी की शिकायत की जाएगी।

ईद की नमाज के लिए फ्री था सुबह ताजमहल

ताजमहल में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज के लिए सुबह सात से नौ बजे तक प्रवेश निश्शुल्क था। यहां सुबह 8:30 बजे नमाज पढ़ी गई। नमाज के दौरान सपा प्रत्याशी जूही प्रकाश और सपा जिलाध्यक्ष आजाद सिंह कुछ कार्यकर्ताओं के साथ ताजमहल पहुंचे। वह रायल गेट पर वीडियो प्लेटफार्म की तरफ खड़े हो गए। नमाज पढ़ने के बाद जब लोग वहां से लौटे तो सपा प्रत्याशी और जिलाध्यक्ष हाथ जोड़कर वोट मांगने की मुद्रा में खड़े हो गए। दोनों ने सपा की लाल टोपी भी पहन रखी थी। इस दौरान एक व्यक्ति सपा के चुनाव चिन्ह वाला पटका गले में लटकाए हुए था। बाद में उसके गले से पटका हटवा दिया गया। इसके वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचारित हुए हैं।

जांच करा रहे

अधीक्षण पुरातत्वविद डा. राजकुमार पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टोपी पर कोई चुनाव चिह्न नहीं था, इसलिए उसे रोका नहीं गया। जहां तक पटके की बात है तो सम्भव है कि कोई नमाजी उसे अंदर ले गया होगा। हम जांच करा रहे हैं। साक्ष्य मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की जाएगी।