Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

तूफान बारिश से उत्तर भारत में बदला मौसम; 50 फ्लाइटें प्रभावित, हरियाणा में टूटा रिकार्ड


 नई दिल्ली। उत्तर भारत में सोमवार तड़के से शुरू हुई तूफानी बारिश ने मौसम को बदल दिया है। 75 किमी प्रति घंटे की गति से चली हवा के साथ हुई बारिश ने दिल्ली और एनसीआर में शिमला जैसी ठंडक का अहसास करा दिया। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री तक लुढ़ककर महज 17.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

 

मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

दिनभर बादलों और सूरज की लुकाछिपी चलती रही। शाम साढ़े पांच बजे तक 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के अलावा आसपास के राज्यों में भी बारिश के चलते मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि यह इस मौसम का पहला मध्यम से उच्च तीव्रता वाला तूफान रहा। इस तूफान के कारण ही तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया हुआ है।