News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

त्रिपुरा में फिर से भाजपा सरकार, पीएम मोदी आज बैठक को कर सकते हैं संबोधित


नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) के गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करने की उम्मीद है, क्योंकि पार्टी त्रिपुरा में अपने दम पर और नगालैंड में अपनी वरिष्ठ सहयोगी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के साथ सत्ता बनाए रखने के लिए तैयार है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में मोदी को जीत के लिए सम्मानित किए जाने की संभावना है।

त्रिपुरा में भाजपा ने 22 सीटों पर दर्ज की जीत

60 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 11 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, माकपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 6 सीटों पर आगे चल रही है।

कांग्रेस को मिली निराशा

कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है और एक सीट पर आगे चल रही है। पहली बार चुनाव लड़ रही टिपरा मोथा पार्टी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है और 4 सीटों पर आगे चल रही है। आईपीएफटी को एक सीट पर जीत मिली है।

मेघालय में एनपीपी को मिली 8 सीटों पर जीत

मेघालय में, भाजपा तीन सीटों पर आगे चल रही है।  पिछली बार की तरह सरकार में शामिल होने के लिए वह फिर से एनपीपी से हाथ मिला सकती है। नेशनल पीपुल्स पार्टी यानी एनपीपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 17 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 1 सीट पर आगे चल रही है।

तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की है और चार सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो सीट पर जीत दर्ज की है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 4 सीटों पर आगे चल रही है।

भाजपा की जीत महत्वपूर्ण

त्रिपुरा में भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वामपंथी और कांग्रेस गठबंधन कर उसके खिलाफ  चुनाव लड़ रहे थे, जबकि प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाली टिपरा मोथा ने आदिवासियों को अपना समर्थन दिया था। हाालांकि, इसके बावजूद भगवा पार्टी का जलवा कायम रहा।