Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

दक्षिण पूर्व ऑस्ट्रेलिया में बाढ़, दो लाख से अधिक घरों की बत्ती गुल


  • मेलबर्न,  दक्षिणपूर्व ऑस्ट्रेलिया में तूफान और बाढ़ के कारण पेड़ उखड़ गए, लोग कारों तथा घरों में फंस गए और 2,00,000 से अधिक घरों की बत्ती गुल हो गयी।

मौसम विज्ञानी केविन पार्किन ने कहा कि विक्टोरिया राज्य और उसकी राजधानी मेलबर्न में बुधवार रात को 119 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और 20 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। किसी को गंभीर चोट आने की कोई खबर नहीं है।

राज्य आपात सेवा के प्रमुख अधिकारी टिम वीबुश ने कहा कि बृहस्पतिवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और नदियां उफान पर हैं। मेलबर्न के पूर्व में 220 घरों को खाली कराने का आदेश दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में 2008 के बाद से कभी इतनी प्रचंड हवाएं नहीं चली और न ही इतनी बारिश हुई। बाढ़, भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है। बिजली के तारों के गिरने से भी खतरा पैदा हो गया है। विक्टोरिया में 2,00,000 से अधिक घरों की बत्ती गुल हो गयी है।

आपात सेवाओं को मदद के लिए 5,000 से अधिक फोन आए हैं और इनमें से 3,500 फोन घरों पर पेड़ गिरने तथा लोगों के फंसने से संबंधित थे।