News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

दरिंदगी: नए साल की पार्टी के बाद होटल पहुंची युवती से दुष्कर्म, दूसरे कमरे में चल रहा था दोस्तों का जश्न


 

गाजियाबाद, नव वर्ष की पार्टी करके दोस्तों के साथ लिंक रोड थाना क्षेत्र के एलीगेंट होटल में पहुंची युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोपित होटलकर्मी गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने सोमवार देर रात उसे कौशांबी बस अड्डे से गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद पूनम मिश्रा ने बताया कि आरोपित होटलकर्मी सुबोध कुमार मूल रूप से ग्राम बुढ़ाईच थाना सैफऊ जिला हाथरस को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह यहां आनंद विहार में रहता था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

नव वर्ष की पार्टी के बाद होटल में पहुंची थी युवती

मूलरूप से कानपुर की एक युवती इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र में रहती है। उसके अनुसार, शनिवार रात में करीब साढ़े तीन बजे वह नव वर्ष की पार्टी करके पांच दोस्तों के साथ लिंक रोड थाना क्षेत्र के एलीगेंट होटल में पहुंची। उसमें तीन कमरे बुक किए। वह एक कमरे में जाकर सो गई। उसके दोस्त दूसरे कमरे में पार्टी करने लगे। वह शराब के नशे में थी।

होटल का एक कर्मचारी उनके कमरे में घुस गया। उनके साथ दुष्कर्म किया। रविवार तड़के करीब चार बजे उन्होंने अपने दोस्तों को आपबीती सुनाई। उन्होंने आरोपित होटलकर्मी को पहचान लिया। नीचे रिसेप्शन पर जाकर घटना की जानकारी दी। उसके बाद मामले की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपित होटलकर्मी सुबोध कुमार के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की।

पुलिस की सतर्कता उजागर

नव वर्ष को लेकर पुलिस के आलाधिकारियों ने कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था का दावा किया था। होटल, रेस्टोरेंट, माल आदि के संचालकों को लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश देने का दावा किया था। इन दावों के बीच होटल में होटलकर्मी ने ही युवती के साथ दुष्कर्म किया। इससे सभी दावों की पूरी तरह से पोल खुल गई।

सीसीटीवी कैमरे खराब

पीड़िता ने आरोपित सुबोध को पहचान लिया था। पीड़िता के मुताबिक उन्होंने होटल के कर्मचारियों से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने को कहा। कर्मचारियों ने कैमरे खराब होने की बात करके फुटेज नहीं दिखाई थी।